शाइना एनसी पर विवादित टिप्पणी के मामले में अरविंद सावंत के समर्थन में उतरी प्रियंका चतुर्वेदी, पीएम मोदी पर किया हमला

शिवसेना (यूबीटी) सांसद अरविंद सावंत की टिप्पणी पर प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि "सबसे पहले, उन्होंने एक ऐसी बात पर खेद व्यक्त किया है जो सामान्य थी। यह सिर्फ़ शाइना एनसी तक सीमित नहीं थी।
शाइना एनसी पर विवादित टिप्पणी के मामले में अरविंद सावंत के समर्थन में उतरी प्रियंका चतुर्वेदी, पीएम मोदी पर किया हमला
प्रियंका चतुर्वेदी (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

मुंबई: शिवसेना प्रत्याशी शाइना एनसी पर सांसद अरविंद सावंत की विवादित टिप्पणी वाला विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। शाइना एनसी ने नागपाड़ा पुलिस स्टेशन में अरविंद सावंत के खिलाफ शुक्रवार को एफआईआर दर्ज कराई है। शिवसेना (यूबीटी) के नेता अरविंद सावंत ने अपने बयान को लेकर सफाई भी दी। लेकिन शिवसेना, बीजेपी और महायुति लगातार अरविंद सावंत और उद्धव ठाकरे की शिवसेना पर लगातार हमला कर रही है। इस मामले को लेकर शिवसेना (यूबीटी) की नेता प्रियंका चतुर्वेदी सांसद अरविंद सावंत के समर्थन में उतरी है।

शिवसेना (यूबीटी) सांसद अरविंद सावंत की टिप्पणी पर शिवसेना (यूबीटी) की नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि "सबसे पहले, उन्होंने एक ऐसी बात पर खेद व्यक्त किया है जो सामान्य थी। यह सिर्फ़ शाइना एनसी तक सीमित नहीं थी। यह उन 12 उम्मीदवारों के बारे में था जिन्हें 'मिंडे सेना' ने भाजपा से आयात करके उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ाया था। उन्होंने खेद इसलिए व्यक्त किया है क्योंकि कुछ लोगों को इससे ठेस पहुंची है।"

सुप्रिया सुले पर टिप्पणी के लिए मांफी मांगे?

प्रियंका चतुर्वेदी ने महायुति के नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि "मेरा सवाल बहुत सरल है। ऊपर से लेकर नीचे तक जिन्होंने इसे मुद्दा बनाया, भाजपा से लेकर 'मिंडे सेना' की हैसियत से कई अन्य नेताओं ने इस विशेष मुद्दे पर टिप्पणी की है। मैं उनसे पूछना चाहती हूं कि क्या वे सुप्रिया सुले के खिलाफ़ अब्दुल सत्तार द्वारा कहे गए शब्दों के लिए उनसे माफ़ी मांगेंगे? यह स्पष्ट रूप से दर्शाता है कि महिलाओं के सम्मान और महिलाओं की गरिमा का यह पूरा विचार वास्तव में उनकी डायरी में मौजूद नहीं है। इसे एक राजनीतिक उपकरण के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है।"

प्रधानमंत्री मोदी पर साधा निशाना

इस दौरान प्रियंका चतुर्वेदी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी हमला किया है। कांग्रेस पार्टी पर पीएम नरेंद्र मोदी के ट्वीट पर शिवसेना (यूबीटी) नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि "मैं कहूंगी कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को विपक्ष पर हमला करने से पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। सरकार देश की जनता से किए गए सभी वादों पर बुरी तरह विफल रही है, चाहे वह महंगाई हो, चाहे वह बेरोजगारी हो, चाहे वह महिलाओं पर अत्याचार हो।"

लोकसभा चुनाव में हार के बाद शुरू की योजनाएं

उद्धव ठाकरे गुट की नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि अमित शाह ने कहा था कि ये सब 'जुमले' थे। महाराष्ट्र में उन्होंने लोकसभा चुनावों में भारी हार का सामना करने के बाद ही योजनाएं शुरू की हैं। उन्हें पता है कि उन्हें विधानसभा चुनावों में भी हार का सामना करना पड़ रहा है। वह सभी मोर्चों पर विफल रहे हैं।"

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com