

PM Modi on Assembly Election Victory: पश्चिम बंगाल में पहली बार कमल खिलने के बाद भाजपा में जश्न का माहौल है। टीएमसी को हराकर बंगाल में प्रचंड जीत हासिल करने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में कमल खिल गया है। 2026 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव हमेशा के लिए याद रखे जाएंगे।
उन्होंने कहा कि जनता की शक्ति की जीत हुई है और भाजपा के सुशासन की राजनीति सफल रही है। मैं पश्चिम बंगाल के हर एक व्यक्ति के सामने नतमस्तक हूं।
PM मोदी ने कहा, "जनता ने BJP को एक शानदार जनादेश दिया है और मैं उन्हें विश्वास दिलाता हूं कि हमारी पार्टी पश्चिम बंगाल की जनता के सपनों और आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए हर संभव प्रयास करेगी। हम एक ऐसी सरकार देंगे जो समाज के सभी वर्गों को अवसर और सम्मान सुनिश्चित करेगी।"
PM मोदी ने एक अन्य पोस्ट में कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की ये ऐतिहासिक जीत, पीढ़ियों से अनगिनत कार्यकर्ताओं की कोशिश और संघर्ष के बिना संभव नहीं थी। उन्होंने आगे कहा कि मैं उन सभी को नमन करता हूं। PM मोदी ने कहा कि सालों तक उन्होंने ज़मीनी स्तर पर कड़ी मेहनत की है, हर तरह की मुश्किलों का सामना किया है और हमारे विकास के एजेंडे को लोगों तक पहुंचाया है। वे ही भाजपा की असली ताकत हैं।
PM मोदी ने असम में बीजेपी को बहुमत मिलने पर कहा, "असम ने भाजपा-एनडीए को एक बार फिर से आशीर्वाद दिया। असम विधानसभा चुनावों में भाजपा-एनडीए की जीत हमारे गठबंधन के विकास और जनजीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के प्रयासों के प्रति अटूट समर्थन को दर्शाती है। मैं असम के अपने सभी भाइयों और बहनों को इस शानदार जनादेश के लिए धन्यवाद देता हूं। मैं उन्हें यह भी आश्वासन देता हूं कि हम राज्य के विकास के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे।"
PM मोदी ने आगे कहा, "मैं असम की जनता के बीच अथक परिश्रम करने वाले भाजपा-एनडीए कार्यकर्ताओं की सराहना करता हूं। पिछले एक दशक में हमारी पार्टी और गठबंधन की प्रगति सराहनीय है। उनके प्रयासों से हमारा सकारात्मक एजेंडा जनता के दिलों को छू पाया है।"