पत्थरबाजी, बमबाजी और फायरिंग….PM मोदी की रैली से पहले जगदल में भड़की हिंसा, CISF जवान को लगी गोली
West Bengal: पश्चिम बंगाल में पीएम मोदी की रैली से पहले उत्तर 24 परगना में भारी हिंसा। TMC-BJP समर्थकों में पत्थरबाजी और बमबारी, CISF जवान समेत 3 घायल। इलाके में भारी तनाव और पुलिस बल तैनात।
- Written By: अर्पित शुक्ला
जगदल में भड़की हिंसा (Image- Social Media)
West Bengal Violence: पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में रविवार रात अचानक भारी हिंसा भड़क उठी। यह घटना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोमवार को प्रस्तावित जनसभा से कुछ ही घंटे पहले हुई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, जगद्दल पुलिस स्टेशन के सामने तृणमूल कांग्रेस (TMC) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के समर्थकों के बीच जोरदार टकराव हुआ। इस दौरान पत्थरबाजी, बमबाजी और फायरिंग जैसी घटनाएं सामने आईं।
बताया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत प्रधानमंत्री के दौरे के लिए लगाए गए झंडों और पोस्टरों को फाड़े जाने से हुई। भाजपा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि टीएमसी समर्थकों ने जगद्दल इलाके में उनकी प्रचार सामग्री को नुकसान पहुंचाया। इसके बाद दोनों दलों के समर्थक पुलिस स्टेशन के बाहर जमा हो गए, जहां पहले तीखी बहस हुई और फिर मामला हिंसक झड़प में बदल गया। स्थिति को नियंत्रित करने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
बमबारी से मची अफरा-तफरी
इस बीच, भाटपारा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार और विधायक पवन सिंह के घर पर बम फेंके जाने की भी खबर है। इस हमले से इलाके में दहशत फैल गई और संपत्ति को नुकसान पहुंचा। घटना में तीन लोग घायल हुए, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सम्बंधित ख़बरें
बंगाल चुनाव: टीएमसी कार्यकर्ता के बगीचे में मिला मौत का जखीरा; भारी तनाव के बीच 100 जिंदा बम बरामद
बंगाल चुनाव 2026: कोलकाता की जनता के बीच पहुंंचा ‘नवभारत’, जानें ममता के गढ़ में क्या है चुनावी मिजाज- VIDEO
बंगाल चुनाव: ‘अब बदलाव चाहिए…’, PM Modi की रैली में उमड़ा जनसैलाब; लोगों ने बताया क्यों चाहिए TMC से मुक्ति
बंगाल छोड़ देंगी ममता बनर्जी…बंगाल चुनाव पर सियासत तेज, हरियाणा के मंत्री ने कर दी बड़ी भविष्यवाणी
#WATCH | North 24 Parganas, West Bengal | A clash broke out between TMC and BJP workers in front of Jagaddal Police Station in Bhatpara. Stones were pelted during the incident. Heavy security was deployed outside the station. pic.twitter.com/9uJ5mSpIQJ — ANI (@ANI) April 26, 2026
भाजपा उम्मीदवार पवन सिंह ने दावा किया कि यह विवाद एक दिन पहले हुई नुक्कड़ सभा के दौरान शुरू हुआ था। उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय पार्षद के नेतृत्व में टीएमसी कार्यकर्ताओं ने उनके कार्यक्रम में बाधा डाली। उनके अनुसार, जब वे पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराकर लौट रहे थे, तब उन पर पत्थरों और बमों से हमला किया गया। उन्होंने यह भी कहा कि इस दौरान हुई फायरिंग में एक सीआईएसएफ जवान के बाएं पैर में गोली लगी।
टीएमसी ने आरोपों को किया खारिज
वहीं, टीएमसी उम्मीदवार अमित गुप्ता ने इन आरोपों को खारिज किया। उनका कहना है कि झड़प की शुरुआत अचला बागान वार्ड से हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि जब टीएमसी कार्यकर्ता शांतिपूर्वक झंडे लगा रहे थे, तभी गुड्डू और पिंटू सिंह नामक व्यक्तियों ने उनके कार्यकर्ता बिट्टू पर हमला किया और पार्टी कार्यालय में तोड़फोड़ की। अमित गुप्ता के मुताबिक, जब वे शिकायत करने पुलिस स्टेशन पहुंचे, तो भाजपा नेता अर्जुन सिंह ने अपने सुरक्षाकर्मियों के साथ मिलकर स्टेशन के अंदर ही टीएमसी कार्यकर्ताओं पर हमला किया।
यह भी पढ़ें- सिर्फ छह हजार नहीं, 9 हजार रुपये होगा पीएम किसान सम्मान निधि; बंगाल में किसानों के लिए PM मोदी का बड़ा ऐलान
प्रधानमंत्री मोदी की रैली को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके में अलर्ट जारी कर दिया है। जगद्दल और भाटपारा में अतिरिक्त अर्धसैनिक बल तैनात किए गए हैं ताकि हालात पर काबू पाया जा सके। पुलिस ने मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल इलाके में तनाव बना हुआ है और दोनों पार्टियां एक-दूसरे पर राजनीतिक द्वेष का आरोप लगा रही हैं।
