बंगाल में ममता और सुवेंदु की रैलियों में भारी बवाल, शोर पर भड़कीं सीएम; बीच में छोड़ा भाषण, भिड़ गए कार्यकर्ता

TMC vs BJP Clash: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान से पहले भवानीपुर में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और सुवेंदु अधिकारी की रैलियां आमने-सामने आ गईं। इसके बाद जमकर बवाल हुआ।
mamata banerjee vs suvendu adhikari
सुवेंदु अधिकारी और ममता बनर्जी, फोटो- नवभारत
Published on
Updated on

Bengal Assembly Elections 2026: बंगाल में चुनाव प्रचार के बीच टीएमसी और बीजेपी कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प हो गई। रैलियों में बज रहे लाउडस्पीकर के शोर से शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया और नतीजन ममता बनर्जी ने अपना भाषण बीच में ही रोक दिया।

कोलकाता की हाई-प्रोफाइल सीट भवानीपुर में शनिवार को उस समय स्थिति युद्ध के मैदान जैसी हो गई जब मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और भाजपा नेता सुवेंदुअधिकारी की रैलियां महज 100 मीटर की दूरी पर आयोजित की गईं। चक्रबेरिया रोड पर जब मुख्यमंत्री मंच से जनता को संबोधित कर रही थीं, तभी उन्होंने अचानक अपना भाषण रोक दिया।

ममता ने सुवेंदु पर लगाया आरोप

ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि पास में हो रही सुवेंदु अधिकारी की सभा में जानबूझकर लाउडस्पीकर की आवाज इतनी तेज कर दी गई है कि उनका भाषण सुनाई न दे सके। इस व्यवधान से नाराज होकर मुख्यमंत्री ने समर्थकों से माफी मांगी और मंच छोड़कर चली गईं।

'जय बांग्ला' और 'जय श्री राम' के नारों से गूंजा इलाका

ममता बनर्जी के जाने के बाद टीएमसी कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए और विरोध जताने के लिए भाजपा की रैली की ओर बढ़ गए, जिससे दोनों पक्षों के बीच हिंसक झड़प शुरू हो गई। इस दौरान पूरा इलाका एक तरफ से 'जय बांग्ला' और दूसरी तरफ से 'जय श्री राम' के नारों से गूंज उठा। स्थिति को बिगड़ते देख रैपिड एक्शन फोर्स और स्थानीय पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभाला और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों गुटों को अलग किया। राहत की बात यह रही कि बड़ी हिंसा भड़कने से पहले ही सुरक्षा बलों ने स्थिति पर काबू पा लिया।

ममता का कानूनी कार्रवाई का संकल्प और सुवेंदु का पलटवार

मंच छोड़ने से पहले ममता बनर्जी ने भाजपा पर तीखा हमला करते हुए उसे 'अलोकतांत्रिक' बताया। उन्होंने कहा कि अगर उनके अपने निर्वाचन क्षेत्र में इस तरह से बाधा डाली जा सकती है, तो भाजपा की मानसिकता का अंदाजा लगाया जा सकता है। मुख्यमंत्री ने चेतावनी दी कि वे इस अपमान के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगी और घोषणा की कि वे अगले ही दिन फिर से उसी स्थान पर अपनी रैली आयोजित करेंगी।

दूसरी ओर, सुवेंदु अधिकारी ने टीएमसी के विरोध को उनकी हताशा बताया और इसे 'जंगलराज' व 'गुंडाराज' की निशानी करार दिया। उन्होंने कहा कि मुकाबला अब एकतरफा नहीं है और बंगाल को बचाने के लिए गुंडों को भगाना जरूरी है।

2026 की चुनावी जंग का केंद्र बना भवानीपुर

भवानीपुर सीट को ममता बनर्जी का मजबूत गढ़ माना जाता है, जहां से वे 2011 से लगातार तीन बार जीत हासिल कर चुकी हैं। इस बार यहां का मुकाबला काफी हाई-प्रोफाइल है क्योंकि 2021 में नंदीग्राम में ममता को हराने वाले सुवेंदु अधिकारी इस बार नंदीग्राम और भवानीपुर दोनों जगह से मैदान में हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com