

Pm Modi In Bengal: कूचबिहार में एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि इतने सालों से बंगाल की जनता का पैसा लूटा गया है। हर भ्रष्टाचारी को यह जो लूटा हुआ पैसा है, वो जनता को लौटाना ही पड़ेगा। दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज बंगाल दौरे पर हैं। इस दौरान उनकी जनसभा में लोगों का हुजूम देखने को मिला। पीएम मोदी ने कूचबिहार की धरती से अवैध घुसपैठियों का मुद्दा भी उठाया साथ ही उन्होंने 'मोदी की गारंटी' भी दी।
तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा कि एक ओर टीएमसी के राज में होने वाले भ्रष्टाचार का भय है और दूसरी तरफ विकास को तेज रफतार देने वाली भाजपा का भरोसा है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि एक तरफ घुसपैठ कराकर विदेशियों को बसाने का खतरा है। दूसरी तरफ भारतीय जनता पार्टी घुसपैठ रोकने और अवैध घुसपैठियों को बाहर करने का भरोसा देती है। इसके अलावा उन्होंने यह भी कहा कि बदलती जनसांख्यिकी (डेमोग्राफी) की वजह से लोगों को अपनी ही जमीन को खोने का डर है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि टीएमसी के अन्याय, इनकी लिस्ट बहुत लंबी है। इनके धोखे का एक और उदाहरण उत्तर कन्या भी है। जब उत्तर कन्या को बनाया गया था तो कहा गया था कि यह पूरे क्षेत्र के विकास का केंद्र बनेगा लेकिन हालात यह है कि जो पैसा इसके लिए रखा गया था, इतने साल में उसे भी खर्च नहीं किया गया। अभी तक ये लोग उसमें कमीशन के तरीके खोजने में लगे हैं। इसका मतलब साफ है, नाम विकास का लेकिन नीयत और प्राथमिकता कहीं और थी।
कूचबिहार में एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि इस बार बंगाल में एक ओर तृणमूल कांग्रेस का भय है और इसका मुकाबला करने के लिए आपके पास भाजपा का भरोसा है। एक ओर टीएमसी के 'कट मनी' और 'करप्शन' का भय है। दूसरी ओर विकास को तेज रफ्तार देने वाली भाजपा का भरोसा है। एक ओर घुसपैठ कराकर, विदेशियों को यहां बसाने का भय है। दूसरी ओर घुसपैठ रोक कर सारे घुसपैठियों को बंगाल से बाहर करने का भाजपा का भरोसा है। एक ओर बदलती जनसांख्यिकी से अपनी ही जमीन पर आजादी छिनने का भय है। दूसरी ओर अपनी माटी पर गर्व के साथ सिर उठाकर जीने का, अटल भरोसा देने वाली भाजपा है।
पीएम मोदी ने आगे कहा कि एक ओर सिंडिकेट राज में अपनी संपत्ति लुटने का भय है। दूसरी ओर सिर पर पक्का घर और जमीन के मालिकाना हक का भरोसा है। एक ओर संदेशखाली जैसी बहनों की चीखें और बेटियों पर होता निर्मम अत्याचार है। दूसरी ओर नारी शक्ति को सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण की मोदी की गारंटी है।