

दिल्ली: महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव को लेकर दिल्ली में शुक्रवार को कांग्रेस CEC की बैठक हुई। जिसमें प्रत्याशियों के नामों पर मंथन किया गया। बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में प्रतिपक्ष नेता और पार्टी नेता राहुल गांधी और पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल, महाराष्ट्र कांग्रेस प्रभारी रमेश चेन्निथला, महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नाना पटोले, विधानसभा विपक्ष के नेता विजय वडेट्टीवार, विधायक दल नेता बालासाहेब थोरात, विधान परिषद समूह नेता सतेज पाटिल सहित अन्य कांग्रेस नेता उपस्थित थे।
कांग्रेस CEC की बैठक के बाद महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा कि "आज हमारे उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी होगी। कल तीसरी और अंतिम सूची भी जारी कर दी जाएगी। महाराष्ट्र में MVA को पूर्ण बहुमत मिलेगा।"
विधानसभा चुनाव और सीट बंटवारे के मुद्दे पर एआईसीसी में पार्टी नेतृत्व के साथ बैठक के बाद महाराष्ट्र कांग्रेस प्रमुख नाना पटोले ने कहा कि "हम कुछ सीटों की मांग कर रहे हैं। हमें जो सीटें मिली हैं, उन पर हमने ओबीसी (उम्मीदवारों) के साथ न्याय करने की कोशिश की है।"
महाराष्ट्र में कांग्रेस के प्रभारी रमेश चेन्निथला ने कहा कि "महाराष्ट्र में सब ठीक है, महा विकास अघाड़ी के सभी दल साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे। महा विकास अघाड़ी में कोई समस्या नहीं है। समस्या महायुति में है। हम साथ हैं और हम एक फॉर्मूला पर काम कर रहे हैं, और कल तक सभी सीटों की घोषणा कर दी जाएगी। महायुति में समस्या बहुत अधिक है। मैंने बालासाहेब थोराट से कहा है कि वे उद्धव ठाकरे और शरद पवार से मिलकर सभी मुद्दों पर चर्चा करें।"
बता दें कि राज्य में विधानसभा चुनाव के लिए 20 नवंबर को वोटिंग होगी। वहीं 23 नवंबर को नतीजे आएंगे। इसके लिए नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। कांग्रेस इससके पहले 48 उम्मीदवारों की एक लिस्ट जारी कर चुकी है। साथ ही महा विकास अघाड़ी में शामिल शिवसेना (यूबीटी) और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) ने भी अपनी एक-एक सूची जारी कर दी है।