7 जजों को बंधक बनाने वाला मोफक्करुल इस्लाम गिरफ्तार(Image- SocaiL Media)
Malda Dispute Case: पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में वोटर लिस्ट विवाद के दौरान हुए उपद्रव मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी मोफक्करुल इस्लाम को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, सात न्यायिक अधिकारियों के घेराव की पूरी साजिश के पीछे वही मुख्य साजिशकर्ता था। उसे बागडोगरा एयरपोर्ट से उस समय पकड़ा गया, जब वह फरार होने की कोशिश कर रहा था।
मोफक्करुल इस्लाम को असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM से जुड़ा बताया जा रहा है। वह उत्तर दिनाजपुर जिले के इटाहार स्थित पोरसा हाटखोला का रहने वाला है और पेशे से वकील रह चुका है। उसने रायगंज जिला अदालत में प्रैक्टिस की और बाद में कलकत्ता हाई कोर्ट में भी वकालत की।
कोलकाता में उसका चैंबर है और वह अपने परिवार के साथ वहीं रहता है। राजनीति में उसने 2021 विधानसभा चुनाव से पहले AIMIM जॉइन की थी और इटाहार सीट से चुनाव भी लड़ा, लेकिन उसे केवल 831 वोट मिले थे।
Malda Dispute मामले में पुलिस ने एक चुनाव उम्मीदवार समेत कम से कम 17 अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया है। इनमें इंडियन सेकुलर फ्रंट (ISF) के उम्मीदवार मौलाना शाहजहां अली भी शामिल हैं। सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 10 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।
यह घटना बुधवार को मालदा जिले के मोथाबाड़ी विधानसभा क्षेत्र के कलियाचक द्वितीय ब्लॉक कार्यालय में हुई। मतदाता सूची से जुड़े काम के दौरान प्रदर्शनकारियों ने सात न्यायिक अधिकारियों को बीडीओ कार्यालय में करीब साढ़े सात घंटे तक घेरकर रखा। इनमें तीन महिला अधिकारी भी शामिल थीं।
मालदा के सरकारी दफ्तर के सामने बवाल, फोटो- सोशल मीडिया
यह भी पढ़ें- BJP Office Blast मामले में CCTV वीडियो से हुआ बड़ा खुलासा, बाइक सवार हमलावरों को पुलिस ने दबोचा
गिरफ्तारी के बाद मौलाना शाहजहां अली ने अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि उन्हें उनकी राजनीतिक पहचान के कारण फंसाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि घटना के समय वे मौके पर मौजूद नहीं थे और एक धार्मिक कार्यक्रम से लौटते समय उन्हें गिरफ्तार किया गया। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ पर्याप्त सबूत मौजूद हैं और सभी से पूछताछ की जा रही है। साथ ही, मामले में आगे और गिरफ्तारियां होने की भी संभावना जताई गई है।