बंगाल चुनाव में बीजेपी का ‘फाइनल पंच’ कब? अबतक 292 सीटों पर योद्धा तैयार, 2 सीटों पर अब भी सस्पेंस बरकरार
BJP candidate list Bengal: पश्चिम बंगाल चुनाव के लिए भाजपा ने अपनी पांचवीं लिस्ट जारी कर दी है। अब तक 292 उम्मीदवारों के नाम घोषित हो चुके हैं। अभी भी 2 सीटों पर नामों का ऐलान नहीं किया गया है।
- Written By: प्रतीक पाण्डेय
फोटो- सोशल मीडिया
West Bengal Assembly Election 2026: पश्चिम बंगाल में चुनावी शंखनाद के साथ ही सियासी बिसात बिछ चुकी है और अब हर चाल बेहद सोच-समझकर चली जा रही है। भारतीय जनता पार्टी ने शनिवार को अपनी पांचवीं कैंडिडेट लिस्ट जारी कर दी है। पार्टी इस बार सत्ता परिवर्तन के लिए कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती। तृणमूल कांग्रेस को सत्ता से बेदखल करने के संकल्प के साथ बीजेपी अब पूरी तरह चुनावी मोड में आ चुकी है।
शनिवार की रात जब बीजेपी मुख्यालय से उम्मीदवारों की नई सूची जारी हुई तो कई विधानसभा क्षेत्रों में ढोल बजे। इस पांचवीं लिस्ट में पार्टी ने पांच महत्वपूर्ण सीटों पर अपने योद्धाओं के नाम का ऐलान किया है।
बीजेपी ने खोले अपने पत्ते
कृष्णानगर उत्तर जैसी हाई-प्रोफाइल सीट से तारकनाथ चटर्जी को मैदान में उतारा गया है, जबकि कल्याणी विधानसभा सीट की जिम्मेदारी अनुपम बिस्वास को सौंपी गई है। इसके अलावा, दमदम उत्तर से सौरभ सिकदर, मध्यमग्राम से अनिंद्य राजू बनर्जी और उलूबेरिया पूर्व से रुद्रप्रसाद बनर्जी को टिकट देकर बीजेपी ने मध्यम और उच्च-मध्यम वर्ग के वोटरों को साधने की कोशिश की है। इस लिस्ट के साथ ही बीजेपी ने कुल 294 में से 292 सीटों पर अपने प्रत्याशियों के नाम फाइनल कर दिए हैं। अब केवल दो सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा करना रह गया है।
सम्बंधित ख़बरें
TMC Symbol Row: चुनाव चिन्ह और पार्टी नाम पर घमासान, दोनों गुटों ने ECI को सौंपे दस्तावेज; अब फैसले का इंतजार
चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल की तीन राज्यसभा सीटों के लिए की उपचुनाव की घोषणा
‘नौकरों जैसा बर्ताव करती थीं ममता’, राहुल सिन्हा ने पूर्व CM पर लगाए गंभीर आरोप; BJP नेता ने खोले कई राज
मैं मरी नहीं हूं… बगावत के बाद भड़की ममता बनर्जी ने इन दस्तावेजों पर की बात, कहा- धोखे की भी सीमा होती है
तीन सीटों पर बदल गए चेहरे
बीजेपी ने इस बार अपनी रणनीति के तहत तीन पुरानी सीटों पर उम्मीदवार भी बदल दिए हैं। राजनीति में चेहरों का बदलाव अक्सर जमीनी फीडबैक और जीत की संभावनाओं को देखते हुए किया जाता है। पार्टी ने बसीरहाट उत्तर से अब कौशिक सिद्धार्थ को मौका दिया है, जबकि बिष्णुपुर सीट से अभिजीत सरदार चुनावी मैदान में अपनी किस्मत आजमाएंगे। इसी तरह, बेहाला पुरबा जैसी महत्वपूर्ण सीट पर अब शंकर सिकदर कमल के निशान पर चुनाव लड़ेंगे।
यह भी पढ़ें: मछली पर महासंग्राम: क्या ‘माछ-भात’ तय करेगा बंगाल का अगला मुख्यमंत्री, सियासी कांटे में कौन फंसेगा?
इन बदलावों से साफ है कि बीजेपी आलाकमान हर सीट पर बारीक नजर रखे हुए है और किसी भी स्तर पर कोई जोखिम लेने को तैयार नहीं है। सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस पहले ही सभी 294 सीटों पर अपने कैंडिडेट्स के नाम घोषित कर चुकी है, जिससे अब मुकाबला सीधे तौर पर आमने-सामने का हो गया है।
सात करोड़ वोटर करेंगे फैसला
पश्चिम बंगाल में सत्ता की चाबी इस बार करीब 7.04 करोड़ मतदाताओं के पास है। चुनाव आयोग ने राज्य में दो चरणों में मतदान कराने का फैसला किया है, जो सुरक्षा और निष्पक्षता की दृष्टि से काफी अहम माना जा रहा है। पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल को 152 सीटों पर होगा, जबकि दूसरे चरण के लिए 142 सीटों पर 29 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। वर्तमान सरकार का कार्यकाल 7 मई को समाप्त हो रहा है, इसलिए चुनावी प्रक्रिया और नई सरकार के गठन की तैयारी काफी तेज गति से पूरी की जा रही है।
