2026 का चुनावी दंगल: पश्चिम बंगाल से लेकर पुडुचेरी तक, नामांकन की जांच पूरी, मैदान में डटे 2140 ‘सूरमा’
Assembly Election 2026: भारतीय निर्वाचन आयोग ने 2026 के विधानसभा चुनावों और उपचुनावों के लिए नामांकन पत्रों की जांच प्रक्रिया पूरी कर ली है। अब कुल मिलाकर 2,140 उम्मीदवार फिलहाल मैदान में हैं।
- Written By: प्रतीक पाण्डेय
प्रतीकात्मक फोटो, सोर्स- सोशल मीडिया
Assembly Election Candidate Latest Update: लोकतंत्र के सबसे बड़े उत्सव ‘चुनाव’ की तैयारियां अब अपने निर्णायक दौर में पहुंच गई हैं। निर्वाचन आयोग की ओर से जारी ताजा रिपोर्ट के अनुसार, 2026 के विधानसभा चुनाव और उपचुनावों के लिए उम्मीदवारों की तस्वीर अब लगभग साफ होने लगी है।
असम, केरल, पुडुचेरी, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल जैसे प्रमुख राज्यों में चुनाव होने हैं, जबकि छह अन्य राज्यों में उपचुनावों की भी तैयारी चल रही है। असम, केरल और पुडुचेरी में 9 अप्रैल को होने वाले मतदान के लिए 23 मार्च तक नामांकन दाखिल किए गए थे, जिसकी जांच के बाद अब कुल 2,140 उम्मीदवार चुनावी रण में शेष रह गए हैं।
केरल और असम में उम्मीदवारों की भारी फौज
राज्यों के आधार पर उम्मीदवारों की संख्या देखें तो केरल इस सूची में सबसे ऊपर है, जहां 140 विधानसभा सीटों के लिए 985 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इसके बाद असम की 126 सीटों के लिए 789 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।
सम्बंधित ख़बरें
Explainer: ममता विरोध में ‘लाल’ हुआ ‘भगवा’! क्या बंगाल में लेफ्ट वोटरों ने लिखी BJP की जीत की पटकथा?
बंगाल में ‘खेला’ अभी बाकी है? SIR में कटे जीत-हार की अंतर से ज्यादा नाम, TMC ने सुप्रीम कोर्ट में ठोका दावा
ममता की BJP के खिलाफ एकजुटता की अपील पर कांग्रेस-वामपंथियों का इनकार, बोले- ‘अपराधियों के साथ गठबंधन नहीं’
Stanford India Conference 2026: SIR पर जवाब देना जरूरी…बंगाल चुनाव पर शशि थरूर ने सरकार पर उठाए सवाल
वहीं, केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी की 30 सदस्यीय विधानसभा के लिए 366 उम्मीदवारों के नामांकन वैध पाए गए हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि 24 मार्च को रिटर्निंग ऑफिसरों द्वारा की गई यह पूरी जांच प्रक्रिया उम्मीदवारों और उनके प्रतिनिधियों की उपस्थिति में वीडियोग्राफी के साथ अत्यंत पारदर्शी तरीके से पूरी की गई है।
उपचुनावों का गणित: कर्नाटक की 2 सीटों पर 50 दावेदार
मुख्य चुनावों के साथ-साथ पांच विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनावों में भी कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है, जहां कुल 66 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें सबसे अधिक गहमागहमी कर्नाटक की दो सीटों पर है, जहां सबसे ज्यादा 50 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।
यह भी पढ़ें: बंगाल में हुए नए सर्वे ने उड़ाए होश! क्या चौका लगा पाएंगी ममता बनर्जी? जानें प्री-पोल में कौन जीत रहा है चुनाव
इसके अलावा गोवा में तीन, नागालैंड में सात और त्रिपुरा में छह उम्मीदवारों के बीच मुकाबला है। निर्वाचन आयोग ने बताया कि सभी वैध उम्मीदवारों की सूची नोटिस बोर्ड पर प्रदर्शित कर दी गई है और मतदाताओं की सुविधा के लिए उम्मीदवारों की तस्वीरें भी लगाई गई हैं।
26 मार्च को साफ होगी अंतिम तस्वीर, नाम वापसी पर टिकी नजरें
हालांकि, चुनावी मुकाबले की यह संख्या अभी अंतिम नहीं मानी जा सकती। आयोग के अनुसार, मुकाबले की अंतिम और स्पष्ट तस्वीर 26 मार्च को दोपहर 3 बजे नामांकन वापसी की समय सीमा समाप्त होने के बाद ही सामने आएगी। इसके बाद ही यह पता चल पाएगा कि कितने उम्मीदवार मैदान में डटे रहते हैं और कितने पीछे हटते हैं।
