महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए अब तक 8 हजार उम्मीदवारों ने दाखिल किया नामांकन, जानें कौन-सी पार्टी कितनी सीटों पर खेलेगी दांव

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार अपना नामांकन दाखिल कर चुके हैं। महाराष्ट्र की 288 विधानसभा सीट के लिए लगभग 8,000 उम्मीदवारों ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया है। मंगलवार को नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि थी।
भाजपा 148, कांग्रेस 103 सीट पर लड़ेगी चुनाव, कुछ सीट पर स्थिति स्पष्ट नहीं
महाराष्ट्र चुनाव नामांकन (सौजन्य-एएनआई)
Published on: 
Updated on: 

मुंबई: महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव अब बेहद करी पहुंच रहा है, जहां उम्मीदवारों द्वारा नामांकन दाखिल करने की तिथि भी अब खत्म हो चुकी है। महाराष्ट्र में होने वाले विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 148 सीट पर चुनाव लड़ रही है तो वहीं दूसरी ओर कांग्रेस 103 सीट पर चुनाव लड़ रही है।

नामांकन दाखिल करने का मंगलवार को अंतिम दिन था। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की अगुआई वाली शिवसेना ने 80 सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि उपमुख्यमंत्री अजित पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने 53 उम्मीदवारों को टिकट दिया है।

103 सीट पर चुनाव लड़ेगा विपक्ष

इसके अलावा पांच सीट महायुति के अन्य सहयोगियों को दी गई हैं, जबकि दो सीटों पर कोई निर्णय नहीं लिया गया। वहीं, विपक्षी महा विकास आघाडी (एमवीए) में कांग्रेस 103 सीट पर चुनाव लड़ रही है, तो वहीं दूसरी ओर उद्धव ठाकरे की अगुआई वाली शिवसेना (यूबीटी) 89 और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (सपा) 87 सीट पर चुनाव लड़ रही है।

8 हजार नामांकन दाखिल

छह सीट महा विकास आघाडी के अन्य सहयोगियों को दी गई हैं, जबकि तीन विधानसभा सीट पर कोई स्पष्टता नहीं है। सत्तारूढ़ और विपक्षी दोनों ही खेमों सहित अब तक लगभग 8,000 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किए हैं।

राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि 7,995 उम्मीदवारों ने निर्वाचन आयोग के पास 10,905 नामांकन दाखिल किए हैं।

20 नवंबर को मतदान

बता दें, कि पूरे महाराष्ट्र में मतदान 20 नवंबर को एक ही चरण में संपन्न होगा और मतों की गिनती तीन दिन बाद की जाएगी। उम्मीदवारों द्वारा नामांकन दाखिल करना 22 अक्टूबर को शुरू हुआ और यह प्रक्रिया 29 अक्टूबर को समाप्त गई। नामांकन पत्रों का सत्यापन और जांच 30 अक्टूबर को होगी तथा उम्मीदवारी वापस लेने की अंतिम तिथि चार नवंबर को दोपहर तीन बजे तक है।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live
navbharatlive.com