सोनिया गांधी (फाइल फोटो)
Sonia Gandhi Hospitlized: कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की तबीयत को लेकर अहम अपडेट सामने आया है। नई दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती सोनिया गांधी फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में हैं और उनका इलाज अगले कुछ दिनों तक जारी रहेगा।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, उन्हें 24 मार्च को भर्ती कराया गया था। अस्पताल के चेयरमैन डॉ. अजय स्वरूप ने बताया कि उनकी हालत स्थिर है और विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी सेहत पर नजर बनाए हुए है। डॉक्टर पेट और यूरिनरी संक्रमण की आशंका को लेकर जांच कर रहे हैं और उन्हें एंटीबायोटिक दी जा रही है। अस्पताल के बयान में कहा गया कि सोनिया गांधी को बुखार के कारण भर्ती किया गया था और उन्हें सिस्टमिक संक्रमण के लिए इलाज दिया जा रहा है। उनका उपचार डॉ. डीएस राणा, डॉ. एस नुंडी और डॉ. अरूप बसु की निगरानी में चल रहा है।
सिस्टमिक इंफेक्शन वह स्थिति होती है, जब शरीर के किसी एक हिस्से में शुरू हुआ संक्रमण फैलकर अन्य अंगों को भी प्रभावित करने लगता है। जैसे श्वसन तंत्र या मूत्र तंत्र में शुरू हुआ संक्रमण आगे बढ़कर पूरे शरीर में असर डाल सकता है। इसमें बुखार, कमजोरी, थकान, शरीर दर्द जैसे लक्षण दिखाई देते हैं और समय पर इलाज जरूरी होता है।
इस बीच राहुल गांधी का एक भावुक बयान भी चर्चा में है। उन्होंने अस्पताल में बिताई रात का जिक्र करते हुए कहा कि वे अपनी मां के कमरे में छोटे सोफे पर सोए और उनकी सेहत को लेकर काफी चिंतित थे।
यह भी पढ़ें- केरलम चुनाव: क्या है ‘बी-टीम’ पॉलिटिक्स? पिनराई विजयन का राहुल गांधी पर पलटवार; किसे बताया BJP का असली मददगार?
उन्होंने बताया कि पूरी रात एक नर्स हर घंटे उनकी मां का हालचाल लेने आती रही, मुस्कुराकर उनका हाथ पकड़ती रही, जिससे उन्हें काफी सुकून मिला।राहुल गांधी ने आगे कहा कि जब पूरी दुनिया सोती है, तब केरल की नर्सें देश और दुनिया भर में लोगों की सेवा करती हैं। उनके अनुसार, यही केरल की असली पहचान है।