रेखा गुप्ता (फोटो-सोशल मीडिया)
नई दिल्लीः दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने वृक्षारोपण अभियान के तहत अपने शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र के एक सरकारी स्कूल में ‘सिंदूर’ का पौधा लगाया। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी पांच जून को विश्व पर्यावरण दिवस पर अपने आवास पर एक ‘सिंदूर’ का पौधा लगाया था, जो उन्हें 1971 के युद्ध के दौरान उल्लेखनीय साहस दिखाने वाली महिलाओं के एक समूह द्वारा भेंट किया गया था।
इस कदम को हाल ही में हुए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के प्रति सम्मान के रूप में देखा गया। गुप्ता ने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री ने सिंदूर का पौधा लगाया था। मैं भी ऐसा ही करना चाहती थी। ऐसा लगता है जैसे भगवान ने मेरी प्रार्थना सुन ली। आज सुबह एक जन सुनवाई के दौरान कुछ लोगों ने मुझे सिंदूर का पौधा भेंट किया। मैंने इसे ‘एक पेड़ मां के नाम अभियान 2.0’ की शुरुआत के रूप में लगाया है।
रेखा गुप्ता ने सैनिकों का आभार जताया
मुख्यमंत्री ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के लिए मोदी और सशस्त्र बलों को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि हमारे सशस्त्र बलों और प्रधानमंत्री मोदी ने हमारी बहनों की गरिमा बनाए रखी। मैं इस ऑपरेशन को शुरू करने के लिए उन्हें धन्यवाद देना चाहती हूं। पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकवादी हमले के प्रति अपनी सैन्य प्रतिक्रिया को भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ नाम दिया था। पहलगाम आतंकवादी में हमले 26 लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
ऑपरेशन सिंदूर के तहत आतंकी ठिकाने उड़ाए गए
इसके बाद भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर लांच किया था। इसके तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में स्थित 9 आतंकी ठिकानों में एयर स्ट्राइक की गई थी। इस स्ट्राइक में करीब 100 आतंकवादी मारे गए थे। इसके बाद पाकिस्तान ने भारत पर ड्रोन और मिसाइल से हमले की कोशिश की थी। हालांकि भारत ने सभी हमलों को नाकाम कर काउंटर अटैक कर दिया। इस हमले में पाकिस्तान के कई सैन्य ठिकाने बर्बाद हो गए।
‘आप सरकार ने नहीं लगाए पेड़’
वहीं रेखा गुप्ता ने कहा कि पिछली आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार ने दिल्ली में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पेड़ नहीं लगाए। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य हमारे पर्यावरण की रक्षा करना है। हम यह अभियान शुरू कर रहे हैं।
-एजेंसी इनपुट के साथ