G7 : गले लगकर ब्रिटेन के PM ऋषि सुनक से मिले PM मोदी , FTA पर की चर्चा
50वें जी7 शिखर सम्मेलन हिस्सा लेने इटली पहुंचे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने यहां ब्रिटेन के अपने समकक्ष ऋषि सुनक से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने तथा मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए) वार्ता में हुई प्रगति की समीक्षा की।
- Written By: रीना पंवार
ब्रिटेन के PM ऋषि सुनक से मुलाकात करते PM मोदी
बारी (इटली) : जी7 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिये इटली पहुंचे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को यहां ब्रिटेन के अपने समकक्ष ऋषि सुनक से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के अपने तीसरे कार्यकाल में भारत-ब्रिटेन रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। दोनों नेताओं ने मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए) वार्ता में हुई प्रगति की समीक्षा भी की।
मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं ने अपुलिया के रिसॉर्ट बोर्गो एग्नाजिया में 50वें जी7 शिखर सम्मेलन के दौरान गले मिलकर एक-दूसरे का गर्मजोशी से अभिवादन किया। विदेश मंत्रालय की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि सुनक ने प्रधानमंत्री मोदी को लगातार तीसरे ऐतिहासिक कार्यकाल के लिए बधाई दी, तो वहीं मोदी ने अगले महीने होने वाले आम चुनाव के लिए ब्रिटेन के लोगों को शुभकामनाएं दीं।
It was a delight to meet PM @RishiSunak in Italy. I reiterated my commitment to further strengthen the India-UK Comprehensive Strategic Partnership in the third term of the NDA Government. There is great scope to deepen ties in sectors like semiconductors, technology and trade.… pic.twitter.com/ehjhFY89cE — Narendra Modi (@narendramodi) June 14, 2024
सम्बंधित ख़बरें
Electoral Reform: इटली में पीएम जॉर्जिया मेलोनी लाईं नया चुनावी फॉर्मूला, विपक्ष बता रहा तानाशाह
वायरल VIDEO के बाद फिर नया बवाल, भड़कीं इटली की PM मेलोनी! ट्रंप को अब क्या बोल दिया?
सिर्फ सिल्क नहीं, भारत की संस्कृति है मूंगा और शिरूई लिली सिल्क, जिसे मोदी ने मेलोनी को किया गिफ्ट
India Italy Relations: ‘मेलोडी’ रील से इतर समझें हकीकत, आखिर भारत के लिए क्यों गेमचेंजर साबित होगा इटली?
विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के लिए दोनों देशों की साझा प्रतिबद्धता की पुष्टि की। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस मुलाकात के तुरंत बाद ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुये कहा, ‘‘इटली में ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक से मिलकर बहुत खुशी हुई। मैंने राजग सरकार के तीसरे कार्यकाल में भारत-ब्रिटेन व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।”
पोस्ट में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आगे कहा कि प्रौद्योगिकी और व्यापार जैसे क्षेत्रों में संबंधों को और मजबूत करने की काफी संभावनाएं हैं। हमने रक्षा क्षेत्र में संबंधों को और मजबूत करने के बारे में भी बात की। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने दोनों नेताओं के बीच बैठक को सार्थक बताया। जायसवाल ने ‘एक्स’ पर कहा कि दोनों नेताओं ने रक्षा एवं सुरक्षा, व्यापार एवं आर्थिक सहयोग, उच्च प्रौद्योगिकी क्षेत्रों तथा लोगों के बीच संपर्क के क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा की। उन्होंने रोडमैप 2030 के कार्यान्वयन और जारी एफटीए वार्ता में हुई प्रगति पर चर्चा की।
गौरतलब है कि सुनक और मोदी की पिछली मुलाकात गत वर्ष सितंबर में नई दिल्ली में जी-20 शिखर सम्मेलन में हुई थी, जब उन्होंने भारत के आम चुनाव से पहले एफटीए वार्ता में तेजी लाने पर सहमति जताई थी। अब व्यापार वार्ता हालांकि चार जुलाई को ब्रिटेन की नई सरकार के निर्वाचित होने के बाद ही पुनः शुरू होने की उम्मीद है। जनवरी, 2022 में शुरू हुई भारत-ब्रिटेन एफटीए वार्ता का उद्देश्य द्विपक्षीय व्यापार को उल्लेखनीय रूप से बढ़ाना है। (एजेंसी इनपुट के साथ)
