

iQ Gin की मौजूदा पैकेजिंग पर दिल्ली हाई कोर्ट ने लगाई रोक।
Greater Than Gin से डिजाइन मिलता-जुलता होने पर कोर्ट सख्त।
पुराना स्टॉक बेचने के लिए मोहन मेकिन को 30 दिन की मोहलत।
iQ Gin का नाम और लोगो इस्तेमाल करने की छूट बरकरार।
Setback Old Monk Delhi High Court: Old Monk बनाने वाली कंपनी मोहन मेकिन लिमिटेड को दिल्ली हाई कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। अदालत ने कंपनी को अपने iQ Gin ब्रांड की मौजूदा बोतल और पैकेजिंग डिजाइन में नए उत्पाद बनाने और बेचने पर रोक लगा दी है। हालांकि, कंपनी को पहले से तैयार स्टॉक निकालने के लिए 30 दिन का समय दिया गया है। यह आदेश 26 नवंबर 2026 को दिल्ली हाई कोर्ट के जस्टिस पुरुषेंद्र कुमार कौरव ने पारित किया।
दरअसल, यह पूरा विवाद iQ Gin की बोतल के डिजाइन को लेकर है। दिल्ली की कंपनी Nao Spirits and Beverages Private Limited ने आरोप लगाया था कि मोहन मेकिन के iQ Gin की बोतल और उसका पैकेजिंग डिजाइन उसके लोकप्रिय Greater Than Gin से काफी मिलता-जुलता है। कंपनी का कहना था कि इससे ग्राहकों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा हो सकती है और लोग दोनों उत्पादों को एक ही कंपनी से जुड़ा हुआ समझ सकते हैं।
मामले की सुनवाई के दौरान अदालत ने दोनों कंपनियों के जिन उत्पादों की तुलना की, उनमें बोतल का आकार, रंगों का इस्तेमाल, लेबल की स्थिति और डिजाइन जैसे पहलुओं को देखा। कोर्ट ने प्रथम दृष्टया माना कि iQ Gin की मौजूदा पैकेजिंग Greater Than Gin से इतनी मिलती-जुलती है कि ग्राहकों के भ्रमित होने की आशंका है।
अदालत ने स्पष्ट किया कि मोहन मेकिन को iQ नाम या उसके लोगो के इस्तेमाल से नहीं रोका गया है। कंपनी नए और अलग डिजाइन वाली बोतल में अपना जिन बाजार में बेच सकती है। हालांकि, नया डिजाइन केवल बोतल के आकार में बदलाव तक सीमित नहीं होना चाहिए। लेबल का आकार, उसकी जगह, रंगों का संयोजन, लोगो की स्थिति और लिखावट का अंदाज भी अलग रखना होगा।
दिल्ली हाई कोर्ट ने कंपनी को मौजूदा स्टॉक बेचने के लिए 30 दिन की मोहलत दी है। इस अवधि में कंपनी को पहले से तैयार iQ Gin का स्टॉक निकालना होगा। इसके बाद बची हुई बोतलों को पुराने डिजाइन में बाजार में बेचने की अनुमति नहीं होगी। कंपनी को बिना बिके स्टॉक को वापस लेकर नए डिजाइन और लेबल के साथ दोबारा पैक करने की छूट दी गई है।
इसके अलावा, कंपनी को दो सप्ताह के भीतर अपने पास, वितरकों और रास्ते में मौजूद स्टॉक का पूरा ब्योरा अदालत में हलफनामे के जरिए देना होगा।