दिल्ली अग्निकांड मामले के आरोपी होटल मालिक लवकेश बजाज को 4 दिन की पुलिस रिमांड, कोर्ट में क्या हुआ?

Delhi Fire Tragedy: दिल्ली के मालवीय नगर फायर केस में साकेत कोर्ट ने आरोपी लवकेश बजाज को 4 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है। पुलिस होटल दस्तावेज, बिल्डिंग सेफ्टी और बिजली कनेक्शन की जांच में जुटी है।
delhi fire case
होटल मालिक लवकेश बजाज (Image- Social Media)
Published on: 
Updated on: 

Delhi Fire Death Case: दिल्ली के मालवीय नगर अग्निकांड मामले में जांच अब तेज हो गई है। इस मामले में आरोपी होटल मालिक लवकेश बजाज को दिल्ली पुलिस ने साकेत कोर्ट में पेश किया, जहां अदालत ने उसे 4 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। कोर्ट में पुलिस ने दलील दी कि मामले की गहराई से जांच के लिए लवकेश की हिरासत जरूरी है, खासतौर पर होटल से जुड़े दस्तावेज़ों और अन्य अहम सबूत जुटाने के लिए।

लवकेश के वकील ने किया रिमांड का विरोध

हालांकि, लवकेश बजाज की तरफ से इस रिमांड का विरोध किया और अदालत में कहा कि वो जांच में पूरा सहयोग कर रहा है, इसलिए पुलिस रिमांड की कोई जरूरत नहीं है। साथ ही उसके वकील ने यह भी मुद्दा उठाया कि उनको अभी तक FIR की कॉपी नहीं दी गई है, जो सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों के खिलाफ है। लवकेश की इस दलील पर दिल्ली पुलिस ने अदालत को भरोसा दिया कि जल्द ही FIR की कॉपी उसको उपलब्ध करा दी जाएगी।

दिल्ली पुलिस कर रही है जांच

इस हादसे के बाद दिल्ली पुलिस कई स्तरों पर जांच को आगे बढ़ा रही है। दिल्ली पुलिस ने MCD को भी पत्र लिखकर इमारत का स्ट्रक्चरल सेफ्टी सर्वे कराने को कहा है, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि बिल्डिंग सुरक्षा मानकों पर खरी थी या नहीं।

बिजली वितरण तंपनी को भी जांच के निर्देश

इसके साथ ही, बिजली वितरण कंपनी BSES से भी भवन की बिजली कनेक्शन को लेकर जानकारी मांगी गई है और वर्तमान इलेक्ट्रिकल सिस्टम की जांच करने को कहा गया है। दक्षिणी दिल्ली के जिला मजिस्ट्रेट (DM) को भी पत्र लिखकर विस्तृत निरीक्षण कराने के निर्देश दिए गए हैं। होटल के रजिस्ट्रेशन, मालिकाना हक और अन्य दस्तावेजों की जांच DM से करने को कहा गया है, जिससे ये साफ हो सके कि होटल नियमों के तहत संचालित हो रहा था या नहीं।

वहीं, मैक्स हॉस्पिटल, साकेत कॉम्प्लेक्स में फिलहाल कुल 15 मरीज भर्ती हैं। इनमें से 13 विदेशी मरीज हैं। वर्तमान में 6 मरीज वेंटिलेटर पर हैं। वेंटिलेटर पर रखे गए सभी मरीजों की हालत में सुधार दिख रहा है और वे स्थिर हैं। आईसीयू और वार्ड में कुल 9 मरीज भर्ती हैं। भर्ती सभी मरीजों की स्थिति स्थिर है। इनमें से एक मरीज को आज छुट्टी दे दी जाएगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com