दिल्ली विधानसभा की सुरक्षा में बड़ी चूक, गेट तोड़कर अंदर घुसी तेज रफ्तार कार; जांच में जुटी पुलिस

Delhi News: दिल्ली विधानसभा की सुरक्षा व्यवस्था में एक बड़ी चूक सामने आई है। एक अज्ञात कार गेट तोड़ते हुए परिसर के अंदर घुस गई जिससे सुरक्षा पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
Delhi Breaking News: Car Enter In Vidhan Sabha
दिल्ली विधानसभा(सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Delhi Vidhansabha: दिल्ली विधानसभा की सुरक्षा व्यवस्था में एक बड़ी चूक सामने आई है। एक अज्ञात कार गेट तोड़ते हुए परिसर के अंदर घुस गई जिससे सुरक्षा पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। यह घटना कैसे हुई और कार अंदर तक कैसे पहुंची इसकी जांच की जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से मामले की पड़ताल कर रही है और वाहन चालक की पहचान करने की कोशिश जारी है।

जानकारी के अनुसार दोपहर 2 बजकर 5 मिनट पर उत्तर प्रदेश नंबर की सफेद टाटा सिएरा कार मॉल रोड स्थित बंद गेट को तोड़ते हुए वीआईपी एंट्री से विधानसभा परिसर में घुस गई।

स्पीकर रूम के बाहर तक पहुंचा अज्ञात

कार में सवार व्यक्ति स्पीकर रूम के बाहर गुलदस्ता रखकर मौके से फरार हो गया, जिसके बाद पूरे परिसर में हड़कंप मच गया। घटना की जांच के लिए दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश की जा रही है।

दिल्ली पुलिस ने दी यह जानकारी

दिल्ली पुलिस के डीसीपी के अनुसार उत्तर प्रदेश नंबर की एक कार ने गेट नंबर 2 से जबरन विधानसभा परिसर में प्रवेश किया जिसकी वजह से लोहे का गेट क्षतिग्रस्त हो गया। कार चालक आगे बढ़ते हुए विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता के कार्यालय की ओर गया और बरामदे के पास फूलों का गुलदस्ता रखकर वहां से निकल गया।

कार ड्राइवर ने ढक रखा था चेहरा

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, घटना के समय गेट पर सीआरपीएफ के जवान तैनात थे। चालक ने अपना चेहरा ढका हुआ था, जिससे उसकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है। यह पूरी घटना दोपहर करीब 2 बजे की बताई जा रही है। फिलहाल दिल्ली पुलिस वाहन और आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।

चश्मदीदों ने क्या बताया?

मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि कार तेज़ी से अंदर आई और कुछ देर परिसर में घूमती रही। इसी दौरान वहां मौजूद लोगों में हलचल मच गई और आसपास खड़े रिक्शा चालक और अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए इसके अलावा चश्मदीदों ने यह भी बताया कि थोड़ी देर बाद कार दोबारा उसी तरफ लौटी, फिर से गेट को टक्कर मारी और तेजी से बाहर निकलकर फरार हो गई. पूरे घटनाक्रम के दौरान तेज आवाजें सुनाई दीं, जिससे लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

Navbharat Live
navbharatlive.com