कटिहार में चीख-पुकार, बस और पिकअप की भिड़ंत में 10 की मौत, 25 लोगों की हालत नाजुक; मंजर देख दहल गए लोग-VIDEO

Katihar Bus Pickup Accident: कटिहार एसपी शिखर चौधरी ने बताया कि मृतकों की पहचान की जा रही है। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कोढ़ा में भर्ती कराया गया, जहां कई की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
katihar road accident
घटनास्थल की तस्वीर, (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Katihar Bus Pickup Accident: बिहार के कटिहार जिले में शनिवार को भीषण सड़क हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई। वहीं, 25 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना कोढ़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे 31 पर बासगढ़ा चौक के पास हुआ। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, ओवरटेक करने के दौरान एक तेज रफ्तार बस और पिकअप वैन में आमने-सामने की टक्कर हो गई, जिसमें 10 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।

मृतकों में पुरुष, पांच महिलाएं और एक दस वर्षीय बच्ची शामिल हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भयावह था कि पिकअप वैन के परखच्चे उड़ गए और सड़क पर चीख-पुकार मच गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोग तुरंत राहत और बचाव कार्य में जुट गए।

झारखंड से लौट रहे थे पिकअप सवार

कटिहार के एसपी शिखर चौधरी ने बताया कि मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कोढ़ा में भर्ती कराया गया, जहां कई की स्थिति गंभीर बनी हुई है। बताया जा रहा है कि पिकअप वैन में सवार करीब 22 महिला-पुरुष झारखंड से कठिया मेला धाम करके लौट रहे थे। इनमें रानीपतरा के सूहवा और हसनगंज प्रखंड के सपनी गांव के लोग शामिल थे। हादसा शाम लगभग साढ़े 6 बजे हुआ।

वहीं, दूसरी ओर कुछ लोग मोटरसाइकिल और ऑटो से बरहरा कोठी क्षेत्र से एक कार्यक्रम से लौट रहे थे। इसी दौरान बस की चपेट में आने से बाइक सवार सदानंद मुर्मू उर्फ राजेश (40), पिता स्व. लालू मुर्मू की भी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा दिया और गुजर रही बसों पर आक्रोश जताया।

गुस्साए लोगों ने हाईवे को किया जाम

सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित करते हुए जाम हटवाया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग एंबुलेंस उपलब्ध करवाकर घायलों को निकटतम अस्पताल में भेजने की तैयारी कर रही है। वहीं मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लाया जा रहा है।

मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मृतकों की पहचान की जा रही है। उन्होंने कहा कि मृतकों की संख्या अभी 10 बताया जा रहा है। हालांकि, मृतकों की संख्या बढ़ भी सकती है। अभी सभी घायलों को इलाज के लिए पूर्णिया स्थित अस्पताल भेजने की तैयारी की जा रही है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com