महंगाई की दोहरी मार, पेट्रोल-डीजल के बाद CNG भी हुआ महंगा, 10 दिनों में तीसरी बार दिल्ली-NCR में बढ़े दाम

IGL CNG Latest Rates Delhi Noida Gurgaon: दिल्ली-एनसीआर में CNG की कीमतें ऐतिहासिक स्तर पर पहुंचीं। 10 दिनों में तीसरी बार बढ़े दाम, दिल्ली में अब ₹81.09 प्रति किलो हुई सीएनजी।
The Double Whammy of Inflation: After Petrol and Diesel, CNG Also Becomes More Expensive—Prices Rise for the Third Time in 10 Days in Delhi-NCR.
इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड ने दिल्ली-एनसीआर में नए सीएनजी गैस कीमतों की जानकारी दी। (फोटो सोर्स- सोशल मीडियाः
Published on
Updated on

Delhi NCR CNG Price Hike Today: वैश्विक ऊर्जा संकट के बीच दिल्लीवासियों को एक और झटका लगा है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली-एनसीआर में सीएनजी की कीमतों में फिर से बढ़ोत्तरी हुई है। पिछले दस दिनों में तीसरी बार सीएनजी की कीमतों में बढ़ोत्तरी हुई है। ताजा बढ़ोत्तरी के बाद अब दिल्ली में सीएनजी की कीमत ऐतिहासिक स्तर पर पहुंच गई है। अब दिल्ली में 81.09 रुपए प्रति किलोग्राम सीएनजी कीमत हो गई है।

10 दिनों में तीसरी बढ़े दाम

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शनिवार को सीएनजी की कीमत में 1 रुपए प्रति किलो की बढ़ोतरी की गई। पिछले 10 दिनों में यह तीसरी बार है, जब कीमतों में बदलाव किया गया है। इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड ने जानकारी देते हुए बताया कि नई दिल्ली में सीएनजी की कीमत 80.09 रुपए प्रति किलो से बढ़कर 81.09 रुपए प्रति किलो हो गई है। दिल्ली के साथ एनसीआर रीजन में भी बढ़ोत्तरी हुई है। नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में सीएनजी की कीमत बढ़कर 89.70 रुपए प्रति किलो हो गई है, जबकि गुरुग्राम में यह 86.12 रुपए प्रति किलो पहुंच गई है। इससे पहले 15 मई को सीएनजी की कीमत में 2 रुपए प्रति किलो की बढ़ोतरी की गई थी, जबकि 17 मई को इसमें 1 रुपए प्रति किलो का इजाफा हुआ था।

महंगाई पर पड़ेगा असर

दिल्ली एनसीआर में लगातार बढ़ रहे ऊर्जा कीमतों का असर ट्रांसपोर्ट ऑपरेटरों और गैस से चलने वाले वाहनों का इस्तेमाल करने वाले यात्रियों पर पड़ने की संभावना है। इससे घरेलू खर्च और लॉजिस्टिक्स लागत बढ़ सकती है। ऊर्जा कीमतों में बढ़ोत्तरी से दिल्लीवासियों को महंगाई की मार झेलनी पड़ सकती है।

पेट्रोल-डीजल के दाम भी बढ़े

सीएनजी के साथ-साथ पेट्रोल-डीजल के दामों में भी बढ़ोत्तरी हुई है। सरकारी तेल कंपनियों ने शनिवार को पेट्रोल और डीजल की कीमतें बढ़ाईं हैं। करीब 10 दिनों में यह तीसरी बार है जब ईंधन के दाम बढ़ाए गए हैं। नए अपडेट के अनुसार, पेट्रोल की कीमत में 87 पैसे प्रति लीटर और डीजल में 91 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है।

बता दें, देशभर में ईंधन कीमतों में जारी यह बढ़ोतरी वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में तेजी और पश्चिम एशिया में जारी भू-राजनीतिक तनाव के कारण की गई है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 98.64 रुपए से बढ़कर 99.51 रुपए प्रति लीटर हो गई, जबकि डीजल 91.58 रुपए से बढ़कर 92.49 रुपए प्रति लीटर पहुंच गया।

सरकार का बचाव

देशभर में ईंधन की बढ़ती कीमतों को लेकर विपक्ष द्वारा की जा रही आलोचना पर सरकार ने बचाव किया है। बचाव में जवाब देते हुए केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने इस महीने की शुरुआत में कहा था कि वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल के बावजूद भारत ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी को सीमित रखने में सफलता हासिल की है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com