CJP प्रदर्शन के चलते दिल्ली में आज भी 17 मेट्रो स्टेशन बंद, राजीव चौक पर केवल इंटरचेंज की सुविधा

Delhi Metro Update: CJP के प्रदर्शन के चलते DMRC ने जंतर-मंतर के आसपास के 17 मेट्रो स्टेशनों को बंद कर दिया है। राजीव चौक और मंडी हाउस जैसे प्रमुख स्टेशनों पर केवल इंटरचेंज सुविधा चालू रहेगी।
delhi metro stations closed cjp protest jantar mantar full list
सांकेतिक फोटो (सोर्स-सोशल मीडिया)
Updated on

17 Metro Stations Shut In Delhi Today: दिल्ली में आज सफर करना किसी चुनौती से कम नहीं होने वाला है। जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के विरोध प्रदर्शन के चलते सुरक्षा कारणों से दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने एक बड़ा फैसला लिया है। शुक्रवार, 24 जुलाई 2026 को दिल्ली मेट्रो के 17 प्रमुख स्टेशनों को यात्रियों के लिए बंद कर दिया गया है। यह आदेश सुबह 7:30 बजे से ही लागू हो गया है और अगले आदेश तक जारी रहेगा।

सुबह 7:30 बजे से थमी रफ्तार

DMRC ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए कई महत्वपूर्ण स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार बंद रहेंगे। इस फैसले के बाद सुबह-सुबह दफ्तर और कॉलेज जाने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मेट्रो स्टेशन बंद होने की अचानक मिली खबर से कई यात्री स्टेशनों के बाहर परेशान खड़े नजर आए।

बंद रहने वाले स्टेशनों की पूरी सूची

अगर आप आज मेट्रो से सफर करने वाले हैं, तो पहले इन स्टेशनों के नाम ध्यान से पढ़ लें ताकि आपको परेशानी न हो। बंद रहने वाले 17 स्टेशनों में शामिल हैं:

  •  येलो लाइन: लोक कल्याण मार्ग, पटेल चौक।
  •  ब्लू लाइन: राजीव चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, इंद्रप्रस्थ, झंडेवालान।
  • वॉलेट लाइन: जनपथ, मंडी हाउस, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, ITO, दिल्ली गेट, खान मार्केट।
  • अन्य: सेवा तीर्थ, जोर बाग और शिवाजी स्टेडियम।

इन स्टेशनों पर चालू रहेगी इंटरचेंज सुविधा

भले ही 17 स्टेशनों पर एंट्री और एग्जिट बंद है, लेकिन मेट्रो नेटवर्क को पूरी तरह ठप नहीं किया गया है। DMRC के मुताबिक, राजीव चौक, मंडी हाउस और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट जैसे बड़े स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा पहले की तरह उपलब्ध रहेगी। यानी यात्री इन स्टेशनों पर एक लाइन से दूसरी लाइन में ट्रेन तो बदल सकेंगे लेकिन स्टेशन से बाहर नहीं निकल पाएंगे।

जंतर-मंतर पर CJP का 'हल्लाबोल', दिल्ली में भारी जाम

दिल्ली में इस समय सियासी माहौल गरमाया हुआ है। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का प्रदर्शन जंतर-मंतर पर जारी है, जिसके चलते दिल्ली पुलिस ने मध्य दिल्ली के कई इलाकों में भारी बैरिकेडिंग कर दी है। गुरुवार को भी इसी प्रदर्शन के कारण लोगों को घंटों ट्रैफिक जाम में फंसे रहना पड़ा था। प्रदर्शनकारी शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और NEET पेपर लीक मामले जैसी मांगों को लेकर अड़े हुए हैं।

बसों में भीड़ और सफर में 45 मिनट की देरी

दिल्ली मेट्रो बंद होने का सीधा असर सड़क यातायात पर पड़ा है। यात्रियों का कहना है कि स्टेशनों के बंद होने के कारण उन्हें वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे सफर में औसतन 40 से 45 मिनट की देरी हो रही है। सार्वजनिक परिवहन की बसों में भारी भीड़ देखी जा रही है और लोगों को लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। शाम के समय दफ्तरों की छुट्टी होने पर स्थिति और भी गंभीर होने की आशंका जताई जा रही है।

यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे घर से निकलने से पहले DMRC के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल को जरूर चेक करें और संभव हो तो निजी वाहनों या वैकल्पिक रूट का इस्तेमाल करें।

Navbharat Live
navbharatlive.com