

List Of Closed Metro Stations In Delhi Today: अगर आप आज दिल्ली मेट्रो से सफर करने की योजना बना रहे हैं तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। राष्ट्रीय राजधानी में 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के उग्र विरोध प्रदर्शन और उनके प्रस्तावित 'संसद मार्च' को देखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने सुरक्षा के मद्देनजर एक बहुत बड़ा फैसला लिया है। दिल्ली के दिल यानी कनॉट प्लेस और उसके आसपास के कुल 16 प्रमुख मेट्रो स्टेशनों को अगले आदेश तक यात्रियों के लिए पूरी तरह बंद कर दिया गया है। इन स्टेशनों पर न तो एंट्री मिलेगी और न ही यात्री यहां से बाहर निकल सकेंगे।
DMRC द्वारा जारी आधिकारिक जानकारी के अनुसार सुरक्षा कारणों से जिन 16 स्टेशनों को बंद किया गया है, उनमें दिल्ली के सबसे व्यस्त स्टेशन शामिल हैं। इन स्टेशनों की सूची इस प्रकार है:
1. लोक कल्याण मार्ग
2. राजीव चौक
3. पटेल चौक
4. रामकृष्ण आश्रम मार्ग
5. बाराखंभा रोड
6. सुप्रीम कोर्ट
7. सेवा तीर्थ
8. जनपथ
9. मंडी हाउस
10. केंद्रीय सचिवालय
11. आईटीओ (ITO)
12. दिल्ली गेट
13. इंद्रप्रस्थ
14. खान मार्केट
15. जोर बाग
16. शिवाजी स्टेडियम
मेट्रो यात्रियों की परेशानी को देखते हुए DMRC ने कुछ राहत जरूर दी है। राजीव चौक, मंडी हाउस और केंद्रीय सचिवालय जैसे प्रमुख इंटरचेंज स्टेशनों पर यात्री अपनी लाइन बदल सकते हैं। हालांकि, इन स्टेशनों के गेट बंद रहेंगे, जिसका मतलब है कि आप ट्रेन तो बदल सकते हैं लेकिन स्टेशन से बाहर नहीं निकल पाएंगे और न ही बाहर से स्टेशन के अंदर आ सकेंगे। मेट्रो प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे घर से निकलने से पहले ताजा अपडेट जरूर देख लें।
दरअसल, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और गिरफ्तार युवाओं की रिहाई जैसी मांगों को लेकर CJP पिछले एक महीने से जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रही है। बीते 20 जुलाई को जब प्रदर्शनकारियों ने संसद मार्च निकाला था, तब दिल्ली की सड़कों पर भारी बवाल देखने को मिला था। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हुई हिंसक झड़प में 118 से ज्यादा पुलिसकर्मी घायल हो गए थे और पुलिस को लाठीचार्ज के साथ आंसू गैस के गोलों का इस्तेमाल करना पड़ा था। इसी तनाव को देखते हुए प्रशासन ने इस बार पहले ही सुरक्षा कड़ी कर दी है।
मेट्रो स्टेशनों के बंद होने पर राजनीति भी तेज हो गई है। आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मेट्रो बंद करने से लाखों यात्रियों को परेशानी हो रही है और सरकार को प्रदर्शनकारियों से ईमानदारी से बात करनी चाहिए। दूसरी तरफ, सूत्रों के मुताबिक सरकार अब इस गतिरोध को खत्म करने की कोशिश कर रही है।
बीती रात सोनम वांगचुक से मुलाकात के बाद आज दोपहर सरकार का एक प्रतिनिधिमंडल CJP नेताओं से बातचीत कर सकता है। फिलहाल जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में भारी सुरक्षा बल तैनात है और सीआरपीएफ की 20 कंपनियों को भी सुरक्षा के लिए बुलाया गया है।