दिल्ली एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा, विमान के पास खड़ी एयर इंडिया की बस में लगी आग, मचा हड़कंप

Delhi Airport news: इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल 3 पर खड़ी एक बस में अचानक आग लग गई। टर्मिनल 3 पर बे संख्या 32 के पास हुए इस हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
दिल्ली एयरपोर्ट पर बस में लगी आग
दिल्ली एयरपोर्ट पर बस में लगी आग (सौ. सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Bus Catches Fire At Delhi Airport:  मंगलवार का दिन हादसों से भरा रहा। राजस्थान के जयपुर में मजदूरों से भरी एक बस में हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आने से आग लगी, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई। वहीं, दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGI) के टर्मिनल 3 पर आज दोपहर एक बस में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। गनीमत रही की हादसे के दौरान बस में कोई मौजूद नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।

बताया जा रहा है कि, यह बस एयर इंडिया एसएटीएस (AI SATS) द्वारा संचालित की जाती है, जो कई एयरलाइंस के लिए ग्राउंड सर्विस देती है। एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक, यह घटना टर्मिनल 3 पर बे संख्या 32 के पास हुई, जब बस एक विमान के पास टैक्सीवे क्षेत्र में थी। हालांकि, बस में उस समय कोई यात्री मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

आग लगने के बाद हवाई अड्डे पर अलर्ट जारी

बताया जा रहा है कि बस में आग लगने की सूचना मिलते ही हवाई अड्डे पर तुरंत अलर्ट जारी कर दिया गया और दमकल की गाड़ियों को तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।

मौके पर फायर ब्रिगेड की टीम मौजूद

आग लगते ही मौके पर मौजूद सिक्योरिटी स्टाफ आग बुझाने की कोशिश में जुट गई। जिसके बाद मामले की सूचना इंदिरा गांधी एयरपोर्ट पुलिस को दी गई। फिलहाल मौके पर फायर टेंडर, लोकल पुलिस, CISF समेत अन्य संबंधित एजेंसियां मौके पर पहुंच गई है।

कोई हताहत नहीं

माैके पर पहुंचीं फायर ब्रिगेड की टीम ने तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पा लिया। दिल्ली एयरपोर्ट अथॉरिटी ने इस घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि आग बुझा ली गई है और स्थिति नियंत्रण में है। प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार, इस घटना में किसी के घायल होने या पास के किसी विमान को कोई नुकसान पहुंचने की खबर नहीं है।

दिल्ली एयरपोर्ट अथॉरिटी ने दी जानकारी
दिल्ली एयरपोर्ट अथॉरिटी ने दी जानकारी

दिल्ली एयरपोर्ट अथॉरिटी ने बताया कि एक ग्राउंड हैंडलर द्वारा संचालित बस में आज दोपहर के आसपास आग लग गई। ग्राउंड पर मौजूद हमारी विशेषज्ञ टीम ने तुरंत कार्रवाई की और कुछ ही मिनटों में आग बुझा दी। घटना के समय बस खड़ी थी और पूरी तरह से खाली थी। कोई हताहत नहीं हुआ। सभी परिचालन सामान्य रूप से जारी हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com