बिहार की कानून व्यवस्था ध्वस्त, एक और क्रूर अपराध; दो मासूमों को जिंदा जलाया

Bihar Crime News: बिहार की राजधानी पटना में एक और वीभत्स अपराध की घटना सामने आई है, जहां पर बेखोफ अपराधियों ने एक घर के अंदर घुसकर सो रहे बच्चों को आग के हवाले कर दिया है।
पटना में अपराधी बेखौफ! घर में सो रहे दो मासूम बच्चों को जिंदा जलाया, परिजनों का आरोप
पटना में घर में सो रहे दो मासूम बच्चों को जिंदा जलाया
Published on: 
Updated on: 

Patna Crime News: बिहार की राजधानी पटना में अपराधी बेखौफ हो गए हैं। राजधानी पटना के जानीपुर थाना क्षेत्र के नगवां गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। आरोप है कि घर में सो रहे दो मासूम बच्चों को अपराधियों ने जिंदा जला दिया। मृत बच्चों की उम्र करीब 10 और 12 साल बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही जानीपुर थाना पुलिस और फुलवारीशरीफ अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीपीओ) दीपक कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

घटना के दौरान बच्चों के माता-पिता घर पर नहीं थे।

मृतक के पिता ने बताया कि हम पटना स्थित चुनाव आयोग कार्यालय में कार्यरत हैं और पत्नी एम्स में नर्स के पद पर तैनात हैं। बच्चे स्कूल से पढ़कर घर पर सो रहे थे। इसी दौरान किसी ने घर में घुसकर दोनों बच्चों को आग लगा दी। दोनों बच्चों के शव बिस्तर पर जले हुए मिले। सूचना मिलने पर जब हम घर पहुंचे तो दोनों बच्चों को जलते हुए देखा। इसके बाद पुलिस को मामले की सूचना दी गई।

बच्चों को जिंदा जलाने का आरोप

ग्रामीणों लोगों ने इस घटना पर संदेह व्यक्त करते हुए आरोप लगाया है कि यह कोई सामान्य दुर्घटना नहीं बल्कि एक पूरी प्लनिंग है। उन्होंने आरोप लगाया कि गांव के कुछ दबंगों ने जानबूझकर घर में आग लगाई, जिससे दोनों बच्चों की मौत हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) टीम को बुलाया है। डॉग स्क्वॉड और विशेष टीम भी मौके पर पहुंच गई है। जांच अधिकारी दीपक कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आग लगने से बच्चों की मौत का लग रहा है, लेकिन परिवार द्वारा लगाए गए आरोपों की भी गंभीरता से जांच की जा रही है।

तेजस्वी यादव ने सीएम नीतीश पर साधा निशाना

वहीं, दो बच्चों की संदिग्ध मौत के बाद राजद नेता तेजस्वी यादव ने सरकार पर निशाना साधा है। तेजस्वी ने इंस्टाग्राम पर ट्वीट कर कहा कि 'पटना में सरकार द्वारा संरक्षित अपराधियों ने घर में घुसकर एक नर्स के दो नाबालिग बेटों को ज़िंदा जला दिया। अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि अब घर हो, दफ़्तर हो या अस्पताल, कोई भी सुरक्षित नहीं है।'

एसडीपीओ का बयान सामने आया

फुलवारी शरीफ के एसडीपीओ दीपक कुमार ने बताया कि हमें सूचना मिली थी कि आग लगने से दो बच्चों, एक लड़का और एक लड़की की मौत हो गई है। मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी गई है। परिवार कुछ लोगों पर जानबूझकर आग लगाने का आरोप लगा रहा है। सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। वहीं, परिवार ने कुछ लोगों पर घर में घुसकर बच्चों को जलाने का आरोप लगाया है। परिवार ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।

Navbharat Live
navbharatlive.com