झारखंड: पुलिस ने 24 घंटे में सुलझाई हत्या की गुत्थी, बुजुर्ग सास के मर्डर के आरोप में दमाद

Jharkhand Crime News: गोड्डा जिले में बुजुर्ग महिला की हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी दमाद को गिरफ्तार किया है। पत्नी के छोड़कर जाने से आरोपी सास से नाराज था।
झारखंड: पुलिस ने 24 घंटे में सुलझाई हत्या की गुत्थी, बुजुर्ग सास के मर्डर के आरोप में दमाद
बुजुर्ग सास के मर्डर के आरोप में दमाद (सौ. सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Son-in-law murdered elderly mother-in-law: झारखंड के गोड्डा जिले के बोआरीजोर थाना क्षेत्र में बुजुर्ग महिला की हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए मृतका के दामाद को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने जुर्म स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।

गोराडीह गांव की रहने वाली 65 वर्षीय सोना भानु खातून की 21 अक्टूबर की रात को उनके घर में धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। उस वक्त वह अपनी चार साल की पोती के साथ घर में अकेली सो रही थी। देर सुबह तक दरवाजा नहीं खुलने पर पड़ोसियों ने झांककर देखा तो महिला मृत अवस्था में पड़ी थी। उनके गले पर तेज धारदार हथियार से वार के गहरे निशान थे।

संदेह के आधार पर दामाद को किया था गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही बोआरीजोर थाने के प्रभारी आशीष कुमार यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच दल का गठन किया गया। जांच के दौरान संदेह के आधार पर मृतका के दामाद सकरुद्दीन को हिरासत में लिया गया, जो उसी गांव का रहने वाला है।

पत्नी के छोड़ने से नाराज था आरोपी

महागामा अनुमंडल के एसडीपीओ चंद्रशेखर आजाद ने बताया कि पूछताछ के दौरान सकरुद्दीन ने अपना अपराध कबूल कर लिया। उसने बताया कि उसकी पत्नी कुछ महीने पहले उसे छोड़कर चली गई थी और उसका मानना था कि इसके पीछे उसकी सास की भूमिका थी। इसी रंजिश में उसने गुस्से में आकर सास की हत्या कर दी।

हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया है। अधिकारियों ने बताया कि मामले में साक्ष्य जुटा लिए गए हैं और आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com