नोरा फतेही जैसी बॉडी बनाओ...पति करवाता था घंटो वर्कआउट, इनकार पर करता था रूह कंपा देने वाला टॉर्चर

Crime news : गाजियाबाद में एक शख्स पर नोरा फतेही के हुस्न की दीवानगी इस कदर हावी हो गई कि वह अपनी पत्नी को एक्ट्रेस कि तरह दिखने के लिए प्रताड़ित करने लगा। पत्नी ने महिला थाने में मामला दर्ज कराया है।
नोरा फतेही जैसी दिखने के लिए पत्नी से जबरन कराता था घंटों व्यायाम, मुकदमा दर्ज
डांसर और एक्ट्रेस नोरा फतेही (सौजन्य सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Ghaziabad News : बॉलीवुड की मशहूर डांसर और एक्ट्रेस नोरा फतेही अपनी खूबसूरती और फिटनेस को लेकर लाखों फैंस के बीच चर्चा में रहती हैं। नोरा के एक फैन पर उनके हुस्न की दीवानगी इस कदर छाई की वो अपनी पत्नी को एक्ट्रेस की तरह फिट दिखने के लिए प्रताड़ित करने लगा। गाजियाबाद से एक अजीब और हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शख्स पर आरोप है कि वह अपनी पत्नी को जबरन नोरा फतेही जैसी दिखने के लिए घंटों जिम और व्यायाम करने के लिए मजबूर करता था। इतनी ही नहीं इनकार करने पर घंटों भूखा रखने का भी पत्नी ने आरोपी लगाया है।

गाजियाबाद में एक महिला ने अपने पति और ससुराल पक्ष के अन्य लोगों पर बॉलीवुड अभिनेत्री नोरा फतेही की तरह दिखने के लिए जबरन घंटों तक सख्त व्यायाम कराने और इससे इनकार करने पर खाना नहीं देने व दहेज उत्पीड़न के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि महिला ने अपने ससुराल पक्ष के लोगों पर जबरन गर्भपात कराने का भी आरोप लगाया है।

'ससुराल वाले दहेज के लिए करते हैें परेशान'

पुलिस ने बताया कि महिला ने अपनी शिकायत में कहा है कि, उसकी शादी छह महीने पहले हुई थी। उसके परिवार ने शादी पर 76 लाख रुपये से ज्यादा खर्च किये थे। इसके बावजूद उसका पति और ससुराल के अन्य लोग उसे दहेज के लिए परेशान करते थे। साथ ही महिला ने आरोप लगाया कि उसका पति उसकी शारीरिक बनावट को लेकर लगातार ताने मारता था। पति उसे ‘मोटी और बदसूरत' भी कहता था। उसका पति एक सरकारी स्कूल में शारीरिक शिक्षा का अध्यापक है।

पति पर मारपीट का आरोप

महिला ने शिकायत में कहा है कि, उसका पति और ससुराल वाले उससे कथित तौर पर रोज़ाना तीन घंटे कसरत करने की मांग करते थे और अगर वह ऐसा नहीं करती तो उसे खाना नहीं देते थे। उसने अपने पति पर मारपीट का भी आरोप लगाया है। सहायक पुलिस आयुक्त सलोनी अग्रवाल ने पुष्टि की कि महिला थाने में शिकायत दर्ज की गई है।

पति नोरा जैसी बॉडी बनाने के लिए बनाता था दबाव

सहायक पुलिस आयुक्त सलोनी अग्रवाल ने गुरूवार को बताया कि, ‘शिकायतकर्ता महिला ने दावा किया है कि उसका पति और ससुराल वालों ने उसे तरह-तरह से परेशान किया। उसका पति उससे कहता था कि वह अपनी शारीरिक बनावट नोरा फतेही जैसी बनाये और वह उसके जैसी दिखे। इसके लिए उसे घंटों व्यायाम करने के लिए मजबूर किया जाता था और अगर वह व्यायाम करने से इनकार करती थी तो उसे खाना नहीं दिया जाता था।' उन्होंने बताया कि महिला ने यह भी दावा किया है कि उसका पति अक्सर इंटरनेट पर महिलाओं के ‘आपत्तिजनक वीडियो' देखता था। वह अक्सर उससे मारपीट भी करता था। बहरहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com