छत्तीसगढ़ में पुलिस मुखबिर होने के शक पर नक्सलियों ने महिला को अगवा कर की हत्या

इससे पहले भी नक्सलियों ने 6 दिसंबर को बीजापुर के बासागुड़ा क्षेत्र में आंगनवाड़ी में काम करने वाली एक महिला की हत्या कर दी थी। इस महिला पर भी नक्सलियों को पुलिस मुखबिर होने का शक था।
छत्तीसगढ़ में सुरक्षाकर्मियों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़
(फोटो सोर्स सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

बीजापुर : छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सलियों द्वारा 40 वर्षीय महिला की कथित तौर पर हत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार नक्सलियों को महिला के पुलिस मुखबिर होने का शक था। इसी शक के चलते नक्सलियों ने महिला को शनिवार को अगवा कर लिया था और बाद में उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस को घटनास्थल से महिला के शव के साथ नक्सलियों द्वारा छोड़ा गया एक पर्चा भी बरामद हुआ है।

घटना को लेकर पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार नक्सलियों ने मद्देड़ थानाक्षेत्र के लादेड़ गांव में रहने वाली यालम सुकरा को शनिवार को अगवा कर लिया था। अगवा करने के बाद वे उसे पास की एक पहाड़ी पर ले गए। इसके बाद उन्होंने सुकरा की गला घोंटकर हत्या कर दी और उसके शव को इलाके में ही छोड़कर चले गए।

हमलावरों की तलाश में जुटी पुलिस

एक पुलिस अधिकारी ने रविवार को बताया कि पुलिस टीम ने घटनास्थल से नक्सलियों की मद्देड़ क्षेत्रीय कमेटी का एक पर्चा बरामद किया है। इस पर्चे में नक्सलियों ने महिला पर 2017 से पुलिस मुखबिर के तौर पर काम करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने महिला का शव बरामद कर हमलावरों की तलाश में अभियान शुरू कर दिया है। क्राइम की खबरों के लिए क्लिक करें 

पुलिस मुखबिर के शक पर हो चुकी कई हत्याएं

पुलिस ने बताया कि इस घटना के साथ ही नक्सलियों ने इस साल बीजापुर समेत 7 जिलों वाले बस्तर संभाग में अब तक 60 से ज्यादा लोगों की हत्या की है। ज्यादातर लोगों की हत्या उन्होंने पुलिस के मुखबिर होने के शक पर या पुलिस की मदद करने के कारण की है। इससे पहले नक्सलियों ने 6 दिसंबर को बीजापुर के बासागुड़ा क्षेत्र में आंगनवाड़ी में काम करने वाली एक महिला सहायिका की भी हत्या कर दी थी। इस महिला पर भी नक्सलियों को पुलिस का मुखबिर होने का शक था। इसके अलावा 4 दिसंबर को भी बीजापुर में अलग-अलग स्थानों पर नक्सलियों ने दो पूर्व सरपंचों (ग्राम पंचायत प्रमुखों) की हत्या कर दी थी।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com