नशे के खर्चे नहीं उठा पा रहा था इंजीनियर, घर में ही उगाने लगा गांजा; पुलिस ने 15 से ज्यादा पौधे किए बरामद

Hyderabad Crime News: हैदराबाद में सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने नशे की लत पूरी करने के लिए छत पर उगाया गांजा। पुलिस ने 17 पौधे जब्त कर आरोपी को किया गिरफ्तार।
Hyderabad Software Engineer Growing Marijuana At Home
हैदराबाद में इंजीनियर उगा रहा था गांजा (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Hyderabad Software Engineer Growing Marijuana In Home: हैदराबाद में नशे के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर गांजे की लत में इस कदर डूब गया कि वह अपनी पूरी सैलरी इसी पर खर्च करने लगा। जब नशे की जरूरतें बढ़ीं और पैसे कम पड़ने लगे, तो उसने अपने घर की छत पर ही गांजा उगाना शुरू कर दिया।

जानकारी के मुताबिक, सी.एच. शशिधर को एक सॉफ्टवेयर कंपनी में नौकरी मिली थी लेकिन कुछ ही महीनों में वह गांजे का आदी हो गया। धीरे-धीरे उसकी हालत ऐसी हो गई कि उसकी कमाई का बड़ा हिस्सा नशे में खर्च होने लगा और आखिरकार उसकी पूरी तनख्वाह भी इस लत को पूरा करने के लिए कम पड़ने लगी।

सैलेरी से नहीं निकल रहा था गांजे का खर्चा

गौरतलब है कि सी.एच. शशिधर गांजे का इतना आदी हो गया है कि उसकी सैलरी का मोटा हिस्सा गांजे पर खर्च होने लगा और जब वह नशे का ज्यादा आदि हो गया तब उसने नौकरी भी छोड़ दी। बताया जा रहा है कि इसी वजह से शशिधर ने अपने घर की छत पर गांजा उगाना शुरू कर दिया।

गांजे के 17 पौधे जब्त

खुफिया सूचना के आधार पर सर्किल इंस्पेक्टर बलराज की अगुवाई में रंगा रेड्डी प्रवर्तन टीम ने छापा मारा। कार्रवाई के दौरान टीम ने वहां से 17 गांजे के पौधे बरामद किए। सर्किल इंस्पेक्टर बलराज के मुताबिक, कुछ पौधों में फूल आ चुके थे, जबकि कुछ की ऊंचाई करीब तीन मीटर तक पहुंच गई थी। अनुमान है कि इन पौधों से लगभग 10 किलोग्राम गांजे की उपज मिल सकती थी। तेलंगाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए घाटकेसर आबकारी पुलिस के हवाले कर दिया है।

नशे के खिलाफ कार्रवाई तेज

गौरतलब है कि हैदराबाद और उसके आसपास के इलाकों में गांजा जब्ती की लगातार बढ़ती कार्रवाइयों के बीच यह मामला सामने आया है। साल की शुरुआत से ही आबकारी विभाग ने कई छापेमारी अभियान चलाए हैं, जिनमें कई संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया और अलग-अलग मात्रा में नशीले पदार्थ बरामद किए गए। इन कार्रवाइयों में एक ऑपरेशन के दौरान सात लोगों की गिरफ्तारी के साथ आठ किलो से ज्यादा गांजा जब्त किया गया, जबकि एक अन्य मामले में तीन आरोपियों से करीब 10 किलो गांजा बरामद हुआ। इसके अलावा भी कई छोटे स्तर की जब्तियां लगातार सामने आती रही हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com