

YouTuber killed in Hyderabad: हैदराबाद से एक खौफनाक खबर सामने आ रही है। गोलकुंडा इलाके में फिटनेस कंटेट क्रिएटर और यूट्यूबर मसूद चांदी उर्फ शेख महबूब की हत्या की खबर से इलाके में हड़कंप मच गया है। मसूद चांदी यूट्यूब पर बॉडी बिल्डिंग और फिटनेस से जुड़ी वीडियो शेयर करने के लिए जाना जाता था। मिली जानकारी के अनुसार, घटना दोपहर 3.20 बजे की बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, कुछ युवक लोहे की रॉड लेकर मसूद के घर पहुंचे और उस पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। इस हमले में मसूद लहूलूहान हो गया। उसे गंभीर रूप से घायल करने के बाद वहां से फरार हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंती और छानबीन की। पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी शेख सोहैल (महबूब की पत्नी का भाई) है। उसने अपने दो साथियों के साथ अफू और जाबिर के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया। सोहैल और उसके साथियों ने मसूद पर लोहे की रॉड और जिम गियर से हमला किया और उसे लहूलूहान कर दिया, जिसके बाद उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस जांच में पता चला कि सोहैल ने गोलकुंडा के बड़ा बाजार इलाके में 18 महीने पहले एक महिला से प्रेमविवाह किया था। कुछ विवादों के चलते उसके अपनी पत्नी और बच्चे को उनके माता-पिता के घर भेज दिया था, जिससे उसका भाई नाराज था। पुलिस को अंदेशा है कि पारिवारिक विवादों के चलते आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या को अंजाम दिया।
मसूद के परिवार के आरोप पर हैदराबाद पुलिस ने BNS की धारा 103(1) (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल सभी आरोपी फरार हैं, पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। इसके लिए पुलिस ने विशेष टीम का गठन किया है। महबूब के शव को ओसमानिया जनरल अस्पताल में पोस्टमोर्टम के लिए भेजा गया है। इस घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल फैल गया है।