(फोटो सोर्स सोशल मीडिया)
नासिक : नासिक के सिविल हॉस्पिटल में बुधवार को एक शर्मनाक घटना सामने आई। यहां एक सफाई कर्मचारी द्वारा महिला के मृत शरीर से सोने का मंगलसूत्र और कान में पहने गए सोने के गहने चोरी कर दिए गए। इस घटना का पता चलने पर अस्पताल में मौजूद लोगों में आक्रोश फैल गया। आरोपी कर्मचारी की शिकायत के बाद पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। अस्पताल में इस घटना की चर्चा दिनभर होती रही और लोगों ने इसकी कड़ी निंदा की।
पुलिस ने बताया कि नासिक के गौलाणे इलाके में एक ही परिवार के तीन सदस्यों ने आत्महत्या कर ली थी जिनके शव बुधवार को सिविल हॉस्पिटल लाए गए थे। इसमें पति-पत्नी और उनकी बेटी शामिल थी। सफाई कर्मचारी ने इसी महिला के शव से गहने चोरी किये। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
अस्पताल के कर्मचारियों से मिली जानकारी के अनुसार जब अस्पताल के एक कर्मचारी ने मृत महिला की गर्दन उठाई तो पता चला कि गले का मंगलसूत्र टूटा हुआ है। कर्मचारी ने इसकी जानकारी सुपरवाईजर और मृत महिला के परिजनों को दी। इसके बाद जांच में पता चला कि सफाई कर्मचारी सुधीर राठोड़ ने यह चोरी की थी। पुलिस ने जब सुधीर की तलाशी ली तो उसकी जेब में सोने के झुमके और मंगलसूत्र बरामद हुए। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।
नासिक में इस परिवार की आत्महत्या से पहले ही लोग सदमे में थे, लेकिन शव से गहनों की चोरी की इस घटना से वे आक्रोशित भी हो गए। वहीं, सिविल हॉस्पिटल के मुख्य प्रशासकीय अधिकारी वी. डी. पाटील ने बताया कि सुधीर के खिलाफ पहले भी कई शिकायतें मिल चुकी हैं। वह वर्ग चार का कर्मचारी है और अक्सर गैरहाजिर रहता है। इस घटना के बाद अस्पताल की नर्सों ने फिर से उसके खिलाफ शिकायतें की हैं और उसके कामकाज को लेकर नाराजगी व्यक्त की है। इसके चलते उसकी बदली किए जाने की चर्चा हो रही है। वी. डी. पाटील ने कहा कि हॉस्पिटल प्रशासन इस घटना की जांच कर रहा है और दोषी कर्मचारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस घटना ने हॉस्पिटल की विश्वसनीयता को धक्का पहुंचाया है और हम इसे गंभीरता से ले रहे हैं।