धनबाद में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, नकली शराब फैक्ट्री का पर्दाफाश, 70 लाख की सामग्री जब्त
Jharkhand Crime News: धनबाद में आबकारी विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए नकली विदेशी शराब फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। छापेमारी के दौरान लगभग 70 लाख मूल्य की सामग्री जब्त की गई है।
- Written By: पूजा सिंह
नकली शराब फैक्ट्री का पर्दाफाश (सौ. IANS)
Fake Foreign Liquor Factory Busted: झारखंड के धनबाद में आबकारी विभाग और पुलिस ने नकली शराब बनाने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। जिले में आबकारी विभाग की टीम ने शुक्रवार को सोनारडीह और तेतुलमारी थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर अवैध मिनी शराब फैक्ट्री का पर्दाफाश किया। छापेमारी के दौरान लगभग 70 लाख मूल्य की नकली विदेशी शराब, स्प्रिट, पैकेजिंग मशीन और अन्य सामग्री जब्त की गई। फिलहाल इस मामले में इस संबंध में विभाग ने एफआईआर दर्ज कर ली है।
पहली कार्रवाई सोनारडीह थाना क्षेत्र के कोइरीडीह में हुई, जहां सूरज महतो नामक शख्स ने बीसीसीएल (भारत कोकिंग कोल लिमिटेड) क्वार्टर में नकली विदेशी शराब का भंडारण कर रखा था। मौके से करीब 50 कार्टन विदेशी शराब बरामद की गई। परिसर को तत्काल सील कर दिया गया और स्थानीय लोगों से पूछताछ की गई।
आबकारी विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
प्राथमिक जांच में यह सामने आया कि सूरज महतो का संबंध तिलाटांड, तेतुलमारी निवासी दिनेश टुडू से है। इसके बाद आबकारी विभाग और तेतुलमारी थाना पुलिस ने टुडू के घर पर छापा मारा। यहां टीम को बड़े पैमाने पर अवैध शराब निर्माण और पैकेजिंग की गतिविधियां मिलीं।
सम्बंधित ख़बरें
झारखंड एनकाउंटर: रामगढ़ में पुलिस मुठभेड़ में प्रिंस खान गैंग का शूटर घायल, 60 कारतूस और 4 पिस्तौल बरामद
सावधान! घर से निकलने से पहले देख लें मौसम का हाल, IMD ने इन राज्यों के लिए जारी किया भारी बारिश का अलर्ट
झारखंड में अंधविश्वास बना मौत का कारण! तांत्रिक के कहने पर राख खा रहा था परिवार, 10 दिन में पांच की मौत
जमशेदपुर के पब में बवाल! छेड़छाड़ का विरोध करते ही दो युवकों पर चाकू से जानलेवा हमला
अवैध शराब की बोतलें और 800 लीटर स्प्रिट बरामद
छापेमारी के दौरान परिसर से शराब से भरी करीब 150 बोरी बोतलें, 800 लीटर स्प्रिट, विभिन्न शराब ब्रांडों के लेबल, ढक्कन, नकली विदेशी शराब की पैकेजिंग के लिए इस्तेमाल होने वाली बोतल भरने वाली और पंचिंग मशीनें बरामद की गईं।
70 लाख रुपए की सामग्री जब्त
आबकारी निरीक्षक अमित कुमार ने बताया कि जब्त की गई सामग्रियों की कुल अनुमानित कीमत 70 लाख रुपए है। उन्होंने कहा कि मुख्य आरोपी सूरज महतो और दिनेश टुडू छापेमारी से पहले ही फरार हो गए। दोनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
ये भी पढ़ें : चतरा में नक्सलवाद पर प्रहार, TSPC नक्सली संगठन के दो एरिया कमांडरों किया आत्मसमर्पण
एफआईआर दर्ज
छापेमारी टीम में आबकारी विभाग के अधिकारी जॉय हेम्ब्रम, कुलदीप कुमार और सत्येंद्र कुमार के अलावा सोनारडीह व तेतुलमारी थाना पुलिस की टीम शामिल रही। इस संबंध में विभाग ने एफआईआर दर्ज कर ली है।
(एजेंसी इनपुट के साथ)
