

IRS Officer Daughter Killed: नई दिल्ली के ईस्ट ऑफ कैलाश इलाके में बुधवार को 22 वर्षीय युवती की हत्या से सनसनी फैल गई। मृतका एक इंजीनियरिंग ग्रेजुएट थी और UPSC परीक्षा की तैयारी कर रही थी। वह एक IRS अधिकारी की बेटी बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, युवती के साथ पहले दुष्कर्म किया गया और फिर मोबाइल चार्जर की केबल से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई। परिजनों ने जब उसे घर में मृत पाया तो तुरंत पुलिस को सूचना दी।
जांच में पुलिस ने 19 वर्षीय आरोपी राहुल को गिरफ्तार किया है, जो पहले मृतका के घर में घरेलू सहायक के रूप में काम करता था। उसे करीब एक महीने पहले नौकरी से निकाल दिया गया था, क्योंकि उस पर अन्य कर्मचारियों से पैसे उधार लेकर वापस न करने की शिकायतें थीं। वारदात के बाद पुलिस ने उसके मोबाइल लोकेशन ट्रैक कर उसे द्वारका के एक होटल से गिरफ्तार कर लिया।
जांच में यह भी सामने आया है कि दिल्ली की इस घटना से कुछ घंटे पहले आरोपी ने राजस्थान के अलवर में भी एक महिला के साथ दुष्कर्म किया था। बताया जा रहा है कि आरोपी पीड़िता के पति का परिचित था और दोनों परिवारों के बीच पहले से संबंध थे।
घटना के बाद आरोपी अलवर से दिल्ली पहुंचा और ईस्ट ऑफ कैलाश में इस वारदात को अंजाम दिया। दिल्ली पुलिस के अनुसार हत्या का मकसद अभी स्पष्ट नहीं है और यह जांच की जा रही है कि क्या नौकरी से निकाले जाने के बाद का गुस्सा इसका कारण था या आरोपी की कोई आपराधिक प्रवृत्ति रही है। पुलिस ने कहा है कि दोनों मामलों की जांच एक साथ की जा रही है और विस्तृत पूछताछ के बाद पूरे घटनाक्रम और मकसद पर स्थिति साफ हो सकेगी।