Jharkhand: जादू-टोना के शक में बुजुर्ग की हत्या, पेड़ से बांधकर बेरहमी से पीटा, दो आरोपी गिरफ्तार

Crime news: साहिबगंज जिले से एक हैरान कर देनी वाली घटना सामने आई है। यहां जादू-टोना करने के शक में पीट पीटकर एक बुजुर्ग कि हत्या कर दी गई है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
Jharkhand: जादू-टोना के शक में बुजुर्ग की हत्या, पेड़ से बांधकर बेरहमी से पीटा, दो आरोपी गिरफ्तार
कॉन्सेप्ट इमेज
Published on: 
Updated on: 

Elderly Man Beaten To Death: झारखंड के साहिबगंज जिले के तीनपहाड़ थाना क्षेत्र में आदिम पहाड़िया जनजाति समुदाय के एक 60 वर्षीय वृद्ध पर जादू-टोना का आरोप लगाकर बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। वारदात बड़ा दुर्गापुर पंचायत के तेलोटोक गांव में शनिवार देर रात हुई। मृतक की पहचान गुहिया पहाड़िया के रूप में की गई है। रविवार को पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मामले में अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ग्रामीणों ने गुहिया पहाड़िया को गांव के चौक पर पेड़ से बांध दिया और लाठी-डंडों से बुरी तरह पिटाई की। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पत्नी चांदी पहाड़िन और बेटी सोनाली पहाड़िन ने आरोप लगाया कि हत्या की साजिश गांव के पूर्व प्रधान के परिजनों ने रची थी।

मृतक पर जादू-टोना करने का आरोप

मृतक की पत्नी ने बताया कि हाल में ग्राम प्रधान की मौत हुई थी और उसी को लेकर गुहिया पहाड़िया पर जादू-टोना करने का आरोप लगाया जा रहा था। पुलिस का कहना है कि गुहिया पहाड़िया ने गांव के पूर्व प्रधान की मौत को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इसी से नाराज होकर परिजनों ने अन्य ग्रामीणों के साथ मिलकर उन्हें निशाना बनाया।

वृद्ध को पेड़ से बांधकर बेरहमी से पीटा

राजमहल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विमलेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि वृद्ध को पेड़ से बांधकर पीटा गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस दल मौके पर पहुंचा और छापामारी अभियान चलाया। मृतक की पत्नी के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

पुलिस ने दो मुख्य आरोपी पौलुस मलतो और सुशील मालतो को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और उन्हें भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। इस जघन्य घटना ने पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश पैदा कर दिया है। आदिम जनजाति समुदाय के लोग मामले में त्वरित और कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com