फ्लैट-कैफे में पीड़ितों को बनाते थे शिकार, अमरावती यौन शोषण मामले में सनसनीखेज खुलासा, 8 आरोपी गिरफ्तार

Amravati Exploitation Case: अमरावती में अश्लील वीडियो वायरल करने वाले गिरोह का भंडाफोड़। मास्टरमाइंड अयान समेत 8 अरेस्ट। SIT गठित, मोबाइल से 18 वीडियो बरामद।
8 arrested in Amravati exploitation case; SIT probe underway, videos recovered from accused’s phone, flat sealed.
अमरावती सैक्स स्कैंडल और एसपी विशाल आनंद (सौजन्य-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Amravati Minor Exploitation Case: अमरावती जिले के परतवाडा थाना क्षेत्र में अनेक नाबालिग व युवतियों के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित करने के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। इस प्रकरण में अब तक मुख्य आरोपी अयान सहित कुल 8 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने विशेष जांच दल का गठन किया है। वहीं गुरुवार को पुलिस ने अमरावती (Amravati) के गाडगेनगर थाना क्षेत्र में आने वाले कठोरा मार्ग के एक फ्लैट पर दस्तक दी, जहां मुख्य आरोपी अयान पीड़ितों का यौन शोषण करता था। पुलिस ने पंचनामा कर फ्लैट को सील किया है।

वहीं यह फ्लैट उपलब्ध कराने वाले मानव दीपक सुगंधे (20, आर्वी, वर्तमान निवासी अमरावती) व अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने वाले ऐफाज खान मंजूर खान (26), मो. इमरान मो. साजिद (21), शे. नावेद शे. हसन (21, तीनों अचलपुर निवासी) को हिरासत में लिया है।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो

उल्लेखनीय है कि 13 अप्रैल को पुलिस को जानकारी मिली कि इलाके की कुछ लड़कियों और एक व्यक्ति के अश्लील वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर वायरल किए जा रहे हैं। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अयान अहमद तनवीर अहमद (19) को गिरफ्तार किया था। अयान के पास से जब्त किए गए मोबाइल की जांच में पुलिस को 8 पीड़ित लड़कियों के 18 वीडियो और 39 फोटो बरामद हुए हैं। आरोपी अयान को 21 अप्रैल तक पुलिस हिरासत में भेजा गया है। इसके बाद पुलिस ने 15 अप्रैल को यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने वाले उजेर खान इकबाल खान (20), मो. साद मो. साबीर (22), तरबेज खान तसलीम खान (24, तीनों अचलपुर निवासी) को गिरफ्तार किया था।

अमरावती के फ्लैट में होता था शोषण

जांच के दौरान मुख्य आरोपी अयान ने कबूल किया है कि उसने इन लड़कियों का यौन शोषण अमरावती (Amravati) में अपने दोस्त मानव दीपक सुगंधे (20) के किराए के घर पर किया था। पुलिस ने मानव सुगंधे को भी गिरफ्तार कर लिया है और उस फ्लैट की तलाशी लेकर पंचनामा किया गया। 16 अप्रैल को पुलिस ने इस मामले में यह आपत्तिजनक वीडियो प्राप्त कर आगे वायरल करने वाले ऐफाज खान मंजूर खान (26), मो. इमरान मो. साजिद (21), शे. नावेद शे. हसन (21) को हिरासत में लिया है। ऐफाज खान मंजूर खान के पास से लैपटॉप, टैब और हार्ड डिस्क जब्त की गई है।

अन्य स्थानों के नाम भी बताए

मुख्य आरोपी अयान ने बताया कि वह लड़कियों को अमरावती के फ्लैट सहित वझ्झर डैम, अमरावती (Amravati) सिटी और परतवाडा के कैफों में ले जाकर लैंगिक शोषण करता था। पुलिस ने इन स्थानों पर जाकर भी सबूत और सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू किया है।

इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को भेजा फॉरेंसिक लैब

इस अपराध की व्यापकता को देखते हुए सहायक पुलिस अधीक्षक शुभम कुमार के नेतृत्व में विशेष जांच दल बनाया गया है। इस टीम में 10 पुलिस अधिकारी और 36 पुलिस कर्मचारी शामिल हैं। जब्त किए गए सभी मोबाइल, लैपटॉप, हार्ड डिस्क को फॉरेंसिक लैब भेजा जा रहा है, ताकि डिलीट किए गए डेटा और अन्य सबूत जुटाए जा सकें।

निडर होकर सामने आएं, पहचान रहेगी गुप्त

पुलिस अधीक्षक विशाल आनंद ने बताया उक्त मामले में पीड़िताएं निडर होकर शिकायत दें, किसी भी पीड़ित लड़की या परिवार की पहचान उजागर नहीं की जाएगी। जो लड़कियां पुलिस स्टेशन आने में डर रही हैं, वे पूर्व में घोषित महिला पुलिस अधिकारियों से सीधे संपर्क कर सकती हैं।

सामाजिक संस्थाओं के माध्यम से पीड़ितों और उनके माता-पिता की काउंसलिंग की जाएगी। यदि किसी के पास इस मामले से जुड़ी कोई भी जानकारी या सबूत हो, तो वे तत्काल पुलिस से संपर्क करें। जानकारी देने वाले का नाम पूरी तरह गुप्त रखा जाएगा।

4 आरोपियों को 23 तक पीसीआर

पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार किए अफाज खान मंजूर खान, मो. इमरान मो. साजिद, शे. नावेद शे. हसन व मानव दीपक सुगंधे को न्यायालय में पेश किया, जहां न्यायालय ने उन्हें 23 अप्रैल तक पुलिस कस्टडी सुनाई है।

आरोपियों की बढ़ सकती है संख्या

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पीड़ित लड़कियां सामने क्यों नहीं आ रहीं, इसी तरह पहले की शिकायतें क्यों नहीं सुनी गईं, इन सभी आरोपों की जांच के लिए एसडीपीओ के नेतृत्व में स्वतंत्र दल तैयार किया गया है। यह दल विस्तृत जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करेगा।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com