गोबरा नवापारा में अन्नकूट की धूम, प्रसाद पाने उमड़े श्रद्धालु, त्रिवेणी संगम में गौरा-गौरी को दी विदाई

Gaura-Gauri Festival : आटका में मिला 56 भोग का प्रसाद, सिर पर गौरा-गौरी को धारण कर निकली शोभायात्रा, सोंटा खेलने की परंपरा और बाजे-गाजे पर थिरकते लोगों ने बढ़ाया उत्साह.
Gaura-Gauri Festival
छत्तीसगढ़ गौरा-गौरी पर्व(सोर्स - नवभारत लाइव)
Published on: 
Updated on: 

HIGHLIGHTS

  • आटका में मिला 56 भोग का प्रसाद।

  • विभिन्न वार्डों में की गई गौरा-गौरी की पूजा।

  • बाजे-गाजे की धुन पर नाचते-थिरकते दिखे सभी।

  • राधा-कृष्ण मंदिर में भी खिचड़ी भोग का हुआ आयोजन।

  • ये परंपराएं नई पीढ़ी को संस्कृति से जोड़ने का कर रही काम।

Chhattisgarh Gaura-Gauri Festival : दीपावली के बाद मनाए जाने वाले अन्नकूट और गौरा-गौरी पर्व पर मंगलवार को नगर में भक्ति, उल्लास और लोकसंस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिला। मंदिरों में भोग-भंडारे का आयोजन हुआ, वहीं नगर के विभिन्न वार्डों में विधि-विधान से गौरा-गौरी की पूजा-अर्चना की गई।

वर्षों पुरानी परंपरा के अनुसार सत्यनारायण मंदिर में 56 भोग का प्रसाद श्रद्धालुओं को छोटे मिट्टी के पात्र आटका में वितरित किया गया। शाम 4 से रात 10 बजे तक चले इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। लोगों ने पूरी श्रद्धा के साथ भोग-भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया और इस पुण्य अवसर पर प्रसाद पाकर स्वयं को धन्य महसूस किया।

घर बैठे लोगों को गौरा-गौरी दर्शन का लाभ मिला

गौरा-गौरी पर्व पर नगर के लगभग हर वार्ड में विशेष उत्साह दिखाई दिया। पूजा स्थलों पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद गौरा-गौरी को श्रद्धालुओं ने अपने सिर पर धारण किया और बाजे-गाजे के साथ नगर भ्रमण कराया। इस दौरान रास्ते में जगह-जगह लोगों ने गौरा-गौरी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना की। नगरवासियों को घर बैठे ही गौरा-गौरी के दर्शन और पूजन का लाभ मिला।

Gaura-Gauri Festival
नगरनार स्टील प्लांट में मौतों का हिसाब चौंकाने वाला, दो साल में 7 श्रमिकों की मौत

एक-दूसरे को सोंटा बरसाते हुए आए नजर

इस पर्व की एक खास परंपरा सोंटा खेलने की भी रही, जिसने उत्सव को और आकर्षक बना दिया। लोग अपने हाथों में सोंटा लेकर पारंपरिक रीति से एक-दूसरे पर सोंटा बरसाते नजर आए। वहीं बाजे-गाजे की धुन पर युवा और बड़े सभी नाचते-थिरकते दिखाई दिए। ढोल-नगाड़ों की गूंज, सोंटा खेलने की परंपरा और लोगों का उत्साह पूरे नगर को उत्सवी रंग में रंगता रहा। इसके बाद श्रद्धालु पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ गौरा-गौरी को लेकर त्रिवेणी संगम पहुंचे, जहां विधि-विधान से प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया।

Gaura-Gauri Festival
DMF घोटाले में ED की कार्रवाई, 31.70 करोड़ की संपत्तियां कुर्क, 17 के खिलाफ सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल

राधा-कृष्ण मंदिर में खिचड़ी भोग का आयोजन किया

नगर के राधा-कृष्ण मंदिर में भी खिचड़ी भोग और भंडारे का आयोजन हुआ। वहीं यादव समाज ने सहाड़ा देव में पारंपरिक पूजा-अर्चना कर धार्मिक परंपरा का निर्वहन किया। सत्यदेव मंदिर में भी भोग-भंडारे के माध्यम से श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।

अन्नकूट और गौरा-गौरी का यह पर्व नवापारा की सांस्कृतिक विरासत को जीवंत करता है, धर्म के साथ सामाजिक एकता, आपसी सद्भाव और लोकपरंपराओं का विशेष महत्व रखता है। एक ओर अन्नकूट के माध्यम से अन्न के प्रति सम्मान और भगवान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की जाती है,

वहीं गौरा-गौरी की पूजा पारिवारिक सुख-समृद्धि और लोकआस्था का प्रतीक है। एक-दूसरे को पर्व की बधाई देते नगरवासियों के बीच उत्साह और उल्लास का माहौल रहा। वर्षों से चली आ रही ये परंपराएं नई पीढ़ी को अपनी मिट्टी और संस्कृति से जोड़ने का काम कर रही हैं।

Story - विनोद जैन