अब दिन में बिजली चलाना होगा सस्ता, छत्तीसगढ़ में 50 पैसे प्रति यूनिट तक राहत की तैयारी

Raipur Electricity Bill Concession : छत्तीसगढ़ के घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को आने वाले दिनों में बिजली बिल में राहत मिल सकती है। बिजली वितरण कंपनी बिजली की खपत बढ़ाने के लिए नई योजना पर काम कर रही है।
Electricity Bill Concession
छत्तीसगढ़ बिजली बिल में छूटसोर्स- नवभारत लाइव
Published on: 
Updated on: 

HIGHLIGHTS

  • छत्तीसगढ़ में बिजली बिल पर 50 पैसे प्रति यूनिट तक छूट का प्रस्ताव।

  • सुबह 9 से शाम 5 बजे तक बिजली इस्तेमाल करने पर मिलेगा फायदा।

  • 34 प्रतिशत खपत पर 20 पैसे प्रति यूनिट छूट की तैयारी।

  • तय सीमा से अधिक दिन में बिजली खपत पर 50 पैसे तक रियायत।

  • TOD बिलिंग व्यवस्था से बिजली की खपत का समय बदलने की कोशिश।

Chhattisgarh Electricity Bill Concession : छत्तीसगढ़ के घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को आने वाले दिनों में बिजली बिल में अतिरिक्त राहत मिल सकती है। बिजली वितरण कंपनी दिन के समय बिजली की खपत बढ़ाने के लिए एक नई योजना पर काम कर रही है। इसके तहत सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक बिजली का अधिक इस्तेमाल करने वाले उपभोक्ताओं को प्रति यूनिट 20 पैसे से लेकर 50 पैसे तक की छूट देने का प्रस्ताव है। हालांकि योजना अभी प्रस्तावित है और इसे लागू करने को लेकर अंतिम फैसला होना बाकी है।

इस योजना का उद्देश्य केवल उपभोक्ताओं को बिजली बिल में राहत देना नहीं, बल्कि बिजली की खपत के समय में भी बदलाव लाना है। दरअसल प्रदेश में सौर ऊर्जा से बिजली उत्पादन लगातार बढ़ रहा है।

दिन के समय सूर्य की रोशनी के चलते सोलर प्लांट से पर्याप्त बिजली उपलब्ध रहती है, जबकि शाम 5 बजे के बाद सौर ऊर्जा का उत्पादन कम होते-होते बंद हो जाता है। इसी दौरान घरेलू उपभोक्ताओं की बिजली मांग बढ़ने लगती है।

ऐसे में बिजली वितरण कंपनी दिन के समय उपलब्ध सौर ऊर्जा का बेहतर इस्तेमाल सुनिश्चित करना चाहती है, ताकि शाम के पीक आवर्स में बिजली की मांग का दबाव कम किया जा सके।

34 प्रतिशत खपत पर 20 पैसे की छूट का प्रस्ताव

प्रस्तावित योजना में घरेलू उपभोक्ताओं की कुल मासिक बिजली खपत को आधार बनाया गया है। इसके मुताबिक यदि कोई उपभोक्ता महीनेभर में इस्तेमाल की गई कुल बिजली का 34 प्रतिशत हिस्सा सुबह 9 से शाम 5 बजे के बीच खर्च करता है, तो उसे प्रति यूनिट 20 पैसे की छूट मिल सकती है।

वहीं निर्धारित 34 प्रतिशत सीमा से अधिक बिजली की खपत इसी समयावधि में करने पर अतिरिक्त खपत के लिए 50 पैसे प्रति यूनिट तक की रियायत देने का प्रस्ताव है। यानी दिन में बिजली का इस्तेमाल बढ़ाने पर उपभोक्ताओं को ज्यादा आर्थिक फायदा मिल सकता है।

Electricity Bill Concession
5 हजार के लालच में साइबर ठगी, दुर्ग में 8 खाताधारक पकड़े गए, 15.35 करोड़ के ट्रांजेक्शन की जांच

TOD बिलिंग व्यवस्था से जुड़ेगी योजना

इस प्रस्ताव को टाइम ऑफ डे (TOD) बिलिंग व्यवस्था से जोड़कर देखा जा रहा है। इसके जरिए उपभोक्ताओं को दिन के समय बिजली इस्तेमाल करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। कंपनी की कोशिश है कि लोग वॉशिंग मशीन, पानी की मोटर और अन्य बिजली से चलने वाले उपकरणों का इस्तेमाल शाम के बजाय दिन में करें।

इससे दिन के समय उपलब्ध सौर ऊर्जा का बेहतर उपयोग हो सकेगा और शाम के व्यस्त समय में बिजली की मांग को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी।

फिलहाल यह योजना प्रस्ताव के स्तर पर है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि इसे कब तक अंतिम मंजूरी मिलती है और लागू होने के बाद घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को कितनी राहत मिल पाती है।

Electricity Bill Concession
बैलाडीला में भूस्खलन का खतरा बरकरार, पहाड़ पर विशाल दरारें देख बढ़ी चिंता, 8 KM तक फैला मलबा