

बोड़तरा में प्रस्तावित स्पंज आयरन प्लांट के खिलाफ 10 गांवों के ग्रामीणों ने किया विरोध।
100 एकड़ चारागाह और 15 एकड़ के ऐतिहासिक बांध पर कब्जे की आशंका जताई।
कंपनी पर मझगांव से कथित फर्जी NOC लेने का आरोप।
जनसुनवाई की सूचना केवल 2-3 दिन पहले देने और EIA रिपोर्ट नहीं मिलने पर उठाए सवाल।
करीब 10 हजार की आबादी पर प्रदूषण, खेती और भूजल संकट का खतरा जताया।
Chhattisgarh Industrial Pollution Strike: विकास और उद्योग के नाम पर ग्रामीणों की जमीन, खेती और प्राकृतिक संसाधनों पर खतरे की आशंका ने बोड़तरा में बड़ा जनआक्रोश खड़ा कर दिया। भाटापारा शहर से करीब 4 किलोमीटर दूर ग्राम बोड़तरा, मझगांव और बोरसी की सीमा पर प्रस्तावित स्पंज आयरन एवं स्टील प्लांट के खिलाफ शुक्रवार को हुई पर्यावरणीय जनसुनवाई में सैकड़ों ग्रामीणों ने विरोध दर्ज कराया। महिलाओं और पुरुषों ने हाथों में तख्तियां लेकर प्रस्तावित परियोजना का विरोध किया। ग्रामीणों का कहना है कि वे उद्योग के नाम पर अपने गांव की जमीन, खेती और जलस्रोतों को बर्बाद नहीं होने देंगे।
श्री ईश्वर मेटालिक प्राइवेट लिमिटेड की प्रस्तावित परियोजना को लेकर आयोजित जनसुनवाई में बोड़तरा, मझगांव, बोरसी के अलावा दावनबोड़, गाड़ाडीह, खोखली, कुकराचुंदा, टीकूलिया, मोहभट्टा और बनसांकरा सहित आसपास के गांवों के लोग पहुंचे। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कंपनी की नजर निजी जमीन के बजाय बोड़तरा की करीब 100 एकड़ चारागाह (निस्तारी) जमीन और 15 एकड़ में फैले ऐतिहासिक बांध पर है। उनका दावा है कि कंपनी इस जमीन पर कब्जा करना चाहती है। ग्रामीणों ने मझगांव से कथित फर्जी एनओसी हासिल करने का आरोप भी लगाया।
ग्रामीणों ने जनसुनवाई की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि सुनवाई की सूचना महज दो-तीन दिन पहले दी गई और नियमानुसार पर्यावरण प्रभाव आकलन (EIA) रिपोर्ट की प्रति भी उपलब्ध नहीं कराई गई। प्रस्तावित परियोजना के तहत स्पंज आयरन, स्टील प्लांट, इंडक्शन फर्नेस और रोलिंग मिल समेत सात औद्योगिक इकाइयां स्थापित करने की योजना है।
ग्रामीणों के मुताबिक, करीब 10 हजार की आबादी इस परियोजना से प्रभावित हो सकती है। उनका कहना है कि प्लांट से निकलने वाली फ्लाई ऐश और जहरीले धुएं से द्विफसली खेतों को नुकसान पहुंचेगा। वहीं, भारी मात्रा में पानी की खपत से भूजल स्तर गिरने और वायु एवं जल प्रदूषण से गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है।
जनसुनवाई में अपर कलेक्टर निशा नेताम, एसडीएम श्यामा पटेल और पर्यावरण विभाग के क्षेत्रीय अधिकारी मौजूद रहे। विरोध की आशंका के चलते पुलिस बल भी तैनात किया गया था। ग्रामीणों ने मौखिक और लिखित दोनों रूपों में आपत्तियां दर्ज कराईं। हालांकि, अधिकारियों की ओर से कोई विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई। अब ग्रामीणों को प्रशासन की रिपोर्ट और शासन के अगले कदम का इंतजार है। उनका साफ कहना है कि विरोध जारी रहेगा।