कांकेर के कापसी अस्पताल में तोड़फोड़ पर 6 महीने बाद बड़ी कार्रवाई, 14 आरोपी एक साथ गिरफ्तार

Breakage at Kanker Hospital : अस्पताल में तोड़फोड़ और स्वास्थ्य कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार के मामले में पुलिस ने 6 महीने बाद कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
Hospital breakage
छत्तीसगढ़ कांकेर अस्पताल तोड़फोड़सोर्स- नवभारत लाइव
Published on: 
Updated on: 

HIGHLIGHTS

  • कापसी अस्पताल में तोड़फोड़ मामले में 14 आरोपी गिरफ्तार।

  • बच्चे की मौत के बाद अस्पताल में घुसी थी भीड़।

  • अस्पताल स्टाफ को बंधक बनाकर दी थी जान से मारने की धमकी।

  • सीसीटीवी, एसी, कंप्यूटर, लैपटॉप और फर्नीचर तोड़े थे।

  • 6 महीने बाद पखांजूर पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई।

Breakage at Kanker Hospital, Chhattisgarh : जिले के कापसी स्थित श्रीरामचंद्र अस्पताल में हुई तोड़फोड़ और स्वास्थ्य कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार के मामले में पुलिस ने करीब छह महीने बाद बड़ी कार्रवाई की है। पखांजूर पुलिस ने इस मामले में एक साथ 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि बच्चे की मौत के बाद गुस्साई भीड़ ने अस्पताल में घुसकर जमकर उत्पात मचाया था।

इस दौरान अस्पताल स्टाफ को बंधक बनाने के साथ ही सीसीटीवी कैमरे, एसी, कंप्यूटर, लैपटॉप और अन्य सामानों में तोड़फोड़ की गई थी। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल बांस का डंडा और पत्थर भी बरामद किया है।

बच्चे की मौत के बाद अस्पताल में मचाया था उत्पात

पुलिस के अनुसार घटना 27 मई 2026 की सुबह करीब 8 बजे की है। कापसी निवासी सुनील हलदार ने 14 जून 2026 को पखांजूर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि बच्चे की मौत को लेकर आसपास के गांवों के कुछ लोग एकजुट होकर जबरन अस्पताल में घुस गए थे।

आरोप है कि भीड़ ने अस्पताल स्टाफ के साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद अस्पताल परिसर में तोड़फोड़ शुरू कर दी गई। अचानक हुए इस हंगामे से अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। स्टाफ अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर छिपने को मजबूर हो गया, वहीं इलाज के लिए पहुंचे मरीजों और उनके परिजनों में भी दहशत फैल गई।

Hospital breakage
रायपुर में नवजातों के सौदे का नेटवर्क बेनकाब, डॉक्टर समेत 6 आरोपी पुलिस की गिरफ्त में

सीसीटीवी से एसी और कंप्यूटर तक तोड़ डाले

आरोपियों ने अस्पताल के सीसीटीवी कैमरे, दरवाजे, खिड़कियां, कांच, टेबल-कुर्सी, कंप्यूटर, एलईडी टीवी, लैपटॉप, कूलर, एसी और अन्य फर्नीचर को नुकसान पहुंचाया था। इस घटना में अस्पताल को लाखों रुपये का नुकसान होने की बात सामने आई है। तोड़फोड़ के कारण अस्पताल की व्यवस्था भी प्रभावित हुई और मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं 296, 351(3), 127(2), 324(5), 333, 190 और 191(2) के साथ छत्तीसगढ़ चिकित्सा सेवा संस्थान हिंसा तथा संपत्ति को क्षति व हानि अधिनियम 2016 की धारा 3 के तहत अपराध दर्ज किया था।

पूछताछ के बाद 14 आरोपियों की गिरफ्तारी

पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुर्रे के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई थी। एसडीओपी कुलदीप बंजारे के पर्यवेक्षण और थाना प्रभारी निरीक्षक तेज कुमार वर्मा के नेतृत्व में टीम ने संदेहियों को बुलाकर पूछताछ की।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने अस्पताल में जबरन घुसने, गाली-गलौज करने, धमकी देने और तोड़फोड़ में शामिल होने की बात स्वीकार की। आरोपी अजीत सरकार की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया बांस का डंडा और पत्थर भी जब्त किया गया। इसके बाद 19 नवंबर को सभी 14 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

Hospital breakage
मच्छरदानी खरीदी में बड़ा खेल, 62 करोड़ के टेंडर पर उठे सवाल, CM और CS तक पहुंची शिकायत

गिरफ्तार आरोपियों में एक महिला भी शामिल

गिरफ्तार आरोपियों में अजीत सरकार, समीर दास, किशोर राजवंशी, बप्पी मजूमदार, सोनातन उर्फ सनातन सरदार, संजीव कुमार मंडल, राजेश पाल, निर्मल चक्रवर्ती, सुमित समद्दार, विकास केशवानी, रमेन्द्र उर्फ रमेन मौलिक, नेपाल हलदार, कल्पना हलदार और अर्जुन उर्फ अरजन हलदार शामिल हैं। सभी आरोपी पखांजूर थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों के निवासी बताए गए हैं।

पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पखांजूर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी विवाद या घटना की स्थिति में कानून अपने हाथ में न लें और इसकी सूचना पुलिस को दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अस्पतालों और चिकित्सा संस्थानों में हिंसा, तोड़फोड़ तथा स्वास्थ्य कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।