SDM के आदेश को भी नहीं मान रहे सरपंच-सचिव, 7.77 लाख की वसूली अटकी, अब प्रशासन क्या करेगा?

Akaltara Pachpediya Pond Case : सरकारी राशि के गबन और पंचायत की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल, अनुविभागीय अधिकारी ने सरपंच, सचिव और रोजगार सहायक को ठहराया जिम्मेदार, भू-राजस्व की तरह वसूली के निर्देश।
Akaltara Pachpediya Pond Case
जांजगीर चांपा पचपेड़िया तालाब मामलासोर्स- नवभारत लाइव
Published on: 
Updated on: 

HIGHLIGHTS

  • कल्याणपुर के पचपेड़िया तालाब को राखड़ डालकर पाटने का मामला।

  • SDM ने सरपंच, तत्कालीन सचिव और रोजगार सहायक को ठहराया जिम्मेदार।

  • तीनों से 7 लाख 77 हजार 900 रुपये की वसूली का आदेश।

  • प्रत्येक के हिस्से में करीब 2 लाख 59 हजार 300 रुपये जमा करने की जिम्मेदारी।

  • समय-सीमा खत्म होने के बाद भी राशि जमा नहीं, भू-राजस्व की तरह वसूली के निर्देश।

Janjgir Champa Akaltara Pachpedia Pond Case : सरकारी संपत्ति की सुरक्षा और पंचायत की जिम्मेदारी निभाने वाले जनप्रतिनिधियों तथा कर्मचारियों पर ही जब सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप लगें और प्रशासन के आदेश के बाद भी सरकारी खजाने में राशि जमा न हो तो व्यवस्था पर सवाल उठना लाजिमी है। जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा विकासखंड की ग्राम पंचायत कल्याणपुर में पचपेड़िया तालाब का मामला कुछ ऐसा ही है।

यहां सरकारी तालाब को पाटने और उसके अस्तित्व को नुकसान पहुंचाने के मामले में ग्राम पंचायत सरपंच आशा लहरें, तत्कालीन सचिव जलवती वैष्णव और रोजगार सहायक की जिम्मेदारी तय की गई है। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) अकलतरा ने 7 लाख 77 हजार 900 रुपये की वसूली का आदेश दिया है लेकिन तय समय-सीमा में यह राशि जमा नहीं किए जाने से अब प्रशासनिक कार्रवाई पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

Attachment
PDF
पचपेड़ियाँ तालाब आदेश 171126
Preview

मामले की शुरुआत वर्ष 2012-13 से जुड़ी है। दस्तावेजों के मुताबिक ग्राम पंचायत कल्याणपुर में मनरेगा के तहत पचपेड़िया तालाब का गहरीकरण कराया गया था। इसके साथ ही तालाब में एक पचरी का निर्माण भी किया गया था। इस काम पर करीब 7 लाख 77 हजार रुपये खर्च हुए थे। लेकिन आरोप है कि बाद में इसी तालाब को राखड़ डालकर पाट दिया गया। इससे तालाब का अस्तित्व मिट गया और सरकारी धन से कराए गए निर्माण कार्य पर भी सवाल खड़े हो गए।

मामले की शिकायत और जांच के बाद प्रशासन ने इसे सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का प्रकरण माना। जांच में यह भी सामने आया कि तालाब को पाटने के लिए पंचायत स्तर पर विधिवत प्रस्ताव और अनुमति की स्थिति स्पष्ट नहीं थी। वहीं तालाब की जमीन और पंचायत के पुराने प्रस्तावों में भी विसंगतियां सामने आईं।

जांच में तीन जिम्मेदारों की भूमिका पर सवाल

अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अकलतरा के आदेश में सरपंच, सचिव और रोजगार सहायक को सरकारी संपत्ति की सुरक्षा और संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने में लापरवाह माना गया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि पंचायत की जिम्मेदारी केवल निर्माण कार्य कराने तक सीमित नहीं है बल्कि सरकारी परिसंपत्तियों को सुरक्षित रखना भी उसकी जिम्मेदारी है।

प्रकरण में पंचायत के सरपंच आशा लहरें, सचिव जलवती वैष्णव और रोजगार सहायक को 7 लाख 77 हजार 900 रुपये की राशि बराबर-बराबर जमा करने के निर्देश दिए गए हैं। यानी प्रत्येक के हिस्से में करीब 2 लाख 59 हजार 300 रुपये की राशि आती है।

Akaltara Pachpediya Pond Case
भिलाई निगम की सभा में घोड़े पर पहुंचे भाजपा पार्षद संतोष मौर्य, बोले- भ्रष्टाचार पर जीत का प्रतीक

आदेश जारी हुआ, लेकिन राशि जमा नहीं हुई

इस पूरे मामले में सबसे अहम सवाल अब प्रशासनिक आदेश के पालन को लेकर है। अनुविभागीय अधिकारी ने संबंधित लोगों को निर्धारित समय में राशि जमा करने का निर्देश दिया था। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया कि राशि जमा नहीं करने की स्थिति में छत्तीसगढ़ भू-राजस्व संहिता के प्रावधानों के तहत वसूली की कार्रवाई की जाएगी।

इसके बावजूद निर्धारित समय-सीमा में राशि जमा नहीं किए जाने का मामला सामने आया है। जब राजस्व विभाग के एक अधिकारी के आदेश का ही पालन नहीं हो रहा तो सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ कार्रवाई आखिर कब होगी?

अब प्रशासन के सामने वसूली की चुनौती

आदेश के अंतिम हिस्से में स्पष्ट उल्लेख है कि वसूली योग्य राशि जमा नहीं करने पर भू-राजस्व की बकाया राशि की तरह वसूली की जाएगी। यानी प्रशासन के पास अब केवल नोटिस जारी करने का विकल्प नहीं बल्कि कानूनी प्रक्रिया के तहत राशि वसूलने का रास्ता भी मौजूद है।

इस मामले ने पंचायत व्यवस्था की जवाबदेही और सरकारी संपत्तियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मनरेगा के तहत जनता के पैसे से तालाब का गहरीकरण और निर्माण कराया गया लेकिन बाद में उसी तालाब को पाटे जाने की बात जांच में सामने आई। अब सरकारी खजाने को हुए नुकसान की भरपाई के लिए आदेश जारी होने के बाद भी राशि जमा नहीं हुई है।

Akaltara Pachpediya Pond Case
दुर्ग में मृतक के फर्जी हस्ताक्षर से जमीन की रजिस्ट्री, पत्नी समेत तीन गिरफ्तार

बड़ा सवाल यह है कि क्या प्रशासन अब वसूली की कार्रवाई को जमीन पर उतारेगा या फिर यह आदेश भी सरकारी फाइलों में ही दबकर रह जाएगा? क्या जिम्मेदार लोगों से 7.77 लाख रुपये की वसूली होगी और क्या सरकारी तालाब को हुए नुकसान की जवाबदेही भी तय होगी?

फिलहाल पचपेड़िया तालाब का मामला सिर्फ एक पंचायत तक सीमित नहीं रह गया है। यह सवाल बन गया है कि सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ प्रशासन के आदेश कितने प्रभावी हैं और आखिर सरकारी धन की भरपाई कब होगी?