निकाय चुनाव से पहले भिलाई-रिसाली को 369 करोड़ का तोहफा, फोरलेन से ऑडिटोरियम और इनडोर स्टेडियम की घोषणाएं

Bhilai-Risali Development : नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियों के बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भिलाई और रिसाली नगर निगम क्षेत्रों को विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी।
Bhilai-Risali Development
दुर्ग भिलाई रिसाली विकाससोर्स- नवभारत लाइव
Published on: 
Updated on: 

HIGHLIGHTS

  • भिलाई-रिसाली को 369 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात।

  • CM साय ने विकास कार्यों का किया लोकार्पण।

  • जुनवानी से कुटेला भाठा तक बनेगा 16 करोड़ का फोरलेन।

  • रिसाली में पेयजल योजना, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट और स्ट्रीट लाइट की घोषणा।

  • ऑडिटोरियम और इनडोर स्टेडियम निर्माण को मिली स्वीकृति।

Durg-Bhilai-Risali Development : नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियों के बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भिलाई और रिसाली नगर निगम क्षेत्रों को विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी। भिलाई निगम क्षेत्र के खुर्सीपार मैदान में आयोजित कार्यक्रम में करीब 166 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया। वहीं, रिसाली नगर निगम क्षेत्र में करीब 68 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन हुआ।

इसके अलावा मुख्यमंत्री ने दोनों क्षेत्रों में भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए करीब 135 करोड़ रुपये के नए विकास कार्यों की घोषणाएं कीं। इस तरह दोनों शहरों के लिए कुल 369 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण, भूमिपूजन और घोषणाएं की गईं।

जुनवानी से कुटेला भाठा तक बनेगा फोरलेन, 16 करोड़ की घोषणा

खुर्सीपार मैदान में आयोजित कार्यक्रम में वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन की मांग पर मुख्यमंत्री ने जुनवानी से कुटेला भाठा तक फोरलेन सड़क निर्माण के लिए 16 करोड़ रुपये देने की घोषणा की। इसके अलावा साकेत कॉलोनी, कुरुद और कैलाश नगर में विकास कार्यों के लिए 13 करोड़ रुपये की स्वीकृति देने का ऐलान किया।

वहीं दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल की मांग पर क्षेत्र में ऑडिटोरियम और इनडोर स्टेडियम निर्माण की मांग को भी मुख्यमंत्री ने स्वीकृति प्रदान की। इन घोषणाओं को भिलाई के शहरी बुनियादी ढांचे, यातायात और खेल सुविधाओं के विस्तार से जोड़कर देखा जा रहा है।

रिसाली को 203 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात

दूसरी ओर रिसाली नगर निगम क्षेत्र में मुख्यमंत्री ने करीब 68 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। साथ ही लगभग 135 करोड़ रुपये के नए विकास कार्यों की घोषणा की। इनमें वृहद पेयजल योजना, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट, सभी वार्डों में स्ट्रीट लाइट और मुक्तिधामों का सौंदर्यीकरण प्रमुख रूप से शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने नेवई और जोरातराई मुक्तिधाम के विकास के लिए एक करोड़ रुपये तथा नगर निगम क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था के लिए दो करोड़ रुपये देने की घोषणा की। वृहद पेयजल योजना के माध्यम से नागरिकों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में काम करने की बात भी कही।

Bhilai-Risali Development
अंबिकापुर में स्कूल की दूसरी मंजिल से कूदा 9वीं का छात्र, प्रबंधन के 4 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज

गुरुद्वारे में मत्था टेकने के बाद साइबर थाने का लोकार्पण

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अपने भिलाई प्रवास के दौरान सबसे पहले सेक्टर-6 स्थित गुरुद्वारे पहुंचे। यहां उन्होंने प्रकाश पर्व के अवसर पर मत्था टेककर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की और लंगर में शामिल हुए। इसके बाद भिलाई कंट्रोल रूम पहुंचकर साइबर थाने के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया। इसके बाद मुख्यमंत्री खुर्सीपार मैदान पहुंचे, जहां भिलाई निगम क्षेत्र के विकास कार्यों से जुड़े कार्यक्रम में शामिल हुए। बाद में रिसाली में आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से विकास कार्यों की सौगात दी।

हितग्राहियों को मिली आवास की चाबी और योजनाओं का लाभ

रिसाली में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हितग्राहियों को मकानों की चाबियां सौंपी गईं। वहीं, स्वनिधि योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को सहायता राशि भी प्रदान की गई।

दिग्गज जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी

कार्यक्रमों में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल, वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन, विधायक ललित चंद्राकर सहित भाजपा के जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी मौजूद रहे। किसान मोर्चा ने हल भेंटकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि भिलाई और रिसाली के विकास में राज्य सरकार कोई कमी नहीं होने देगी। सरकार का प्रयास है कि नागरिकों को बेहतर सड़क, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, खेल और अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। दोनों नगर निगम क्षेत्रों में की गई घोषणाओं से आने वाले समय में शहरी विकास की नई परियोजनाओं को गति मिलने की उम्मीद है।

Bhilai-Risali Development
करोड़ों का बजट, फिर भी बदहाल जोन मुख्यालय, नगर निगम रायपुर के अपने बोर्ड की सुध लेने वाला कोई नहीं