

छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान के असर से हो रही बारिश।
मंत्री गजेंद्र यादव ने छुट्टी बढ़ाने के दिए संकेत।
छत्तीसगढ़ में दो दिन और बढ़ सकते हैं स्कूलों की छुट्टी।
आज कई जिलों में सुबह से हो रही तेज बारिश।
Chhattisgarh School Holiday: छत्तीसगढ़ में लगातार बदल रहे मौसम और हो रही बारिश के बीच स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। बारिश के कारण बच्चों को स्कूल आने-जाने में होने वाली परेशानी और स्वास्थ्य पर पड़ने वाले संभावित असर को देखते हुए आगामी दो दिनों तक स्कूलों में छुट्टी देने का फैसला लिया जा सकता है। बता दें कि सरकार ने सभी जिला कलेक्टरों को यह अधिकार दिया है।
दरअसल, दुर्ग जिले समेत प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार बारिश का दौर जारी है। सुबह से हो रही बारिश के कारण सड़क और यातायात की स्थिति प्रभावित होने के साथ ही स्कूली बच्चों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। लगातार बारिश में बच्चों के भीगने और खराब मौसम के कारण उनके स्वास्थ्य पर असर पड़ने की आशंका को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन ने भी शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव से मौसम की स्थिति को देखते हुए दो दिनों के लिए स्कूलों में अवकाश घोषित करने का अनुरोध किया था। इसके बाद शिक्षा विभाग की ओर से इस दिशा में निर्णय लिया गया।
शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि लगातार बारिश को देखते हुए बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता दी जा रही है। स्कूलों में दो दिन की छुट्टी को लेकर निर्णय लिया गया है और सभी जिलों के कलेक्टरों को आवश्यक निर्देश के लिए पत्र जारी किया जा रहा है।बारिश के बीच सरकार के इस फैसले से स्कूली बच्चों और अभिभावकों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। अब जिला स्तर पर कलेक्टरों की ओर से आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे।
मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवाती तूफान "अर्नब" के प्रभाव के कारण अति बारिश की आशंका है।छात्र-छात्राओं को स्कूल पहुंचने में होने वाली कठिनाइयों एवं बच्चों के स्वास्थ्य व सुरक्षा को देखते हुए कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देश पर दिनांक 29 अक्टूबर 2026 गुरूवार को जिले के समस्त स्कूलों मे अवकाश घोषित किया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी यह अवकाश आदेश जिले के समस्त शासकीय, अशासकीय,अनुदान प्राप्त प्राथमिक शाला, माध्यमिक शाला, हाई एवं हायर सेकण्डरी विद्यालयों मे तत्काल प्रभावशील होगा।