

ग्राम दुगेली में हुई इस वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस ने मामले की जांच करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
22 नवंबर की सुबह राम के चेहरे और सीने पर हमला कर उसकी हत्या कर दी थी।
पुलिस ने गांव में पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर संदेहियों की पहचान की।
Two Arrested In Dantewada Murder Case: अंधविश्वास किस कदर इंसान को हैवान बना सकता है, इसकी एक सनसनीखेज तस्वीर दंतेवाड़ा जिले के बचेली थाना क्षेत्र से सामने आई है। जादू-टोना करने के संदेह ने दो ग्रामीणों के मन में ऐसी रंजिश पैदा की कि उन्होंने एक व्यक्ति की हत्या कर दी। ग्राम दुगेली में हुई इस वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मृतक की पहचान आयतु राम कर्मा (42) निवासी माड़कापारा दुगेली के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, 21 नवंबर की शाम 7 बजे से 22 नवंबर की सुबह 7 बजे के बीच अज्ञात व्यक्ति ने आयतु राम के चेहरे और सीने पर हमला कर उसकी हत्या कर दी थी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने गांव में पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर संदेहियों की पहचान की। जांच के दौरान लच्छू कर्मा (42) और मुद्दा कर्मा (30) के नाम सामने आए। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने हत्या करना स्वीकार किया। उन्होंने बताया कि उन्हें आयतु कर्मा पर गांव में जादू-टोना यानी बड्डे करने का शक था। इसी बात को लेकर उनके मन में उसके प्रति रंजिश थी। इसी रंजिश के चलते 21 नवंबर की रात उन्होंने वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल लोहे का धारदार बंडा और लकड़ी का पीढ़ा जब्त किया है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जितेंद्र खुंटे और एसडीओपी किरंदुल अविनाश ठाकुर के मार्गदर्शन में पुलिस टीम जुटी रही।