आदिवासी बच्चों के स्कूल निर्माण में भी खेल, फरसपाल के बाद अब मेटापाल में गुणवत्ता पर उठे सवाल

Metapal Eklavya School : न निर्माण लागत का बोर्ड, न स्थानीय कारोबारियों को काम, तुलिका कर्मा ने मौके पर पहुंचकर निर्माण व्यवस्था पर उठाए सवाल, जांच नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी।
Metapal Eklavya School
दंतेवाड़ा मेटापाल एकलव्य विद्यालयसोर्स- नवभारत लाइव
Published on: 
Updated on: 

HIGHLIGHTS

  • फरसपाल के बाद मेटापाल एकलव्य विद्यालय निर्माण में भी अनियमितताओं के आरोप।

  • स्थानीय मजदूरों को 300 और बाहरी श्रमिकों को 400 रुपये तक मजदूरी देने का दावा।

  • मिट्टी मिली रेत और घटिया फ्लाई ऐश ईंटों के इस्तेमाल पर सवाल।

  • स्थानीय व्यापारियों को निर्माण सामग्री की आपूर्ति का मौका नहीं देने का आरोप।

  • तुलिका कर्मा ने निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की।

Dantewada Metapal Eklavya School : आदिवासी बच्चों के बेहतर भविष्य और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के बड़े-बड़े दावों के बीच सरकारी निर्माण कार्यों की जमीनी हकीकत पर सवाल खड़े होने लगे हैं। फरसपाल के बाद अब मेटापाल में बन रहे एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के निर्माण को लेकर भी गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं।

करोड़ों रुपये की लागत से तैयार हो रहे इस विद्यालय में निर्माण सामग्री की गुणवत्ता से लेकर मजदूरी के भुगतान और स्थानीय व्यापारियों को काम देने तक में कथित गड़बड़ियों की शिकायत की गई है। सवाल यह है कि आदिवासी बच्चों के भविष्य के लिए बन रहे इन भवनों में आखिर कैसी गुणवत्ता सुनिश्चित की जा रही है?

जिला पंचायत सदस्य एवं महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव तुलिका कर्मा ने मेटापाल पहुंचकर निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। मौके पर सामने आई स्थितियों को लेकर उन्होंने नाराजगी जताई और निर्माण एजेंसी तथा आदिवासी विकास विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उनका आरोप है कि निर्माण स्थल पर न तो परियोजना की लागत और निर्माण एजेंसी की जानकारी देने वाला सूचना बोर्ड लगाया गया है और न ही निर्माण कार्य में पारदर्शिता दिखाई दे रही है।

स्थानीय मजदूरों को 300, बाहरी श्रमिकों को 400 रुपये तक

निर्माण कार्य में मजदूरों के साथ कथित भेदभाव का मामला भी सामने आया है। तुलिका कर्मा के मुताबिक स्थानीय मजदूरों को जहां 300 रुपये मजदूरी दी जा रही है, वहीं बाहर से आए मजदूरों को 350 से 400 रुपये तक भुगतान किया जा रहा है। यह स्थिति तब है, जब कटेकल्याण ब्लॉक के बड़ी संख्या में ग्रामीण रोजगार की तलाश में दूसरे क्षेत्रों में पलायन करने को मजबूर हैं। उनका सवाल है कि जब करोड़ों रुपये का सरकारी निर्माण स्थानीय क्षेत्र में हो रहा है तो यहां के गरीब आदिवासी परिवारों को रोजगार का पूरा अवसर क्यों नहीं मिल रहा?

Metapal Eklavya School
CGPSC में अध्यक्ष की कुर्सी खाली, बिलासपुर हाईकोर्ट ने लगाई फटकार, नियुक्ति के लिए तय की डेडलाइन

रेत से ईंट तक पर सवाल, बाहर से आ रही निर्माण सामग्री

तुलिका कर्मा ने निर्माण में इस्तेमाल हो रही सामग्री की गुणवत्ता पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि निर्माण कार्य में मिट्टी मिली रेत और घटिया गुणवत्ता की फ्लाई ऐश ईंटों का उपयोग किया जा रहा है। इतना ही नहीं, रेत, गिट्टी, सरिया और ईंट जैसी प्रमुख निर्माण सामग्री भी बाहर से मंगाई जा रही है। स्थानीय व्यापारियों के पास आपूर्ति की क्षमता होने के बावजूद उन्हें काम नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे स्थानीय कारोबारियों के रोजगार और व्यापारिक अवसर प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने इस पूरी व्यवस्था के पीछे कथित कमीशनखोरी की आशंका भी जताई है।

करोड़ों का निर्माण, लेकिन निगरानी करने वाले अधिकारी कहां?

सबसे बड़ा सवाल निर्माण कार्य की निगरानी को लेकर है। करोड़ों रुपये की परियोजना में निर्माण सामग्री की गुणवत्ता जांचने और काम की नियमित निगरानी करने की जिम्मेदारी विभागीय अधिकारियों की है। इसके बावजूद निर्माण स्थल पर पारदर्शिता और निगरानी को लेकर सवाल उठ रहे हैं। फरसपाल के बाद मेटापाल में भी इसी तरह की शिकायतें सामने आने से निर्माण व्यवस्था पर संदेह गहराने लगा है।

तुलिका कर्मा ने कहा कि एकलव्य विद्यालय आदिवासी बच्चों को बेहतर शिक्षा और आवासीय सुविधा देने के उद्देश्य से बनाए जा रहे हैं। ऐसे में यदि इन भवनों के निर्माण में ही गुणवत्ता से समझौता किया जाता है तो यह बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ होगा। सरकार आदिवासी विकास और स्थानीय रोजगार की बात करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थानीय मजदूरों और व्यापारियों को ही अवसर नहीं मिलना कई सवाल खड़े करता है।

उन्होंने निर्माण एजेंसी और संबंधित विभाग को चेतावनी देते हुए मांग की कि निर्माण कार्य में इस्तेमाल सामग्री की गुणवत्ता की जांच कराई जाए, स्थानीय मजदूरों और व्यापारियों को प्राथमिकता दी जाए तथा पूरी परियोजना की निष्पक्ष जांच हो। उन्होंने कहा कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई नहीं की गई तो ग्रामीणों के साथ आंदोलन किया जाएगा।

Metapal Eklavya School
28 नवंबर से बैलाडीला में आर-पार की लड़ाई, बेरोजगारों के आंदोलन से पहले NMDC ने शुरू की तैयारी