बैलाडीला लैंडस्लाइड पर बवाल: NMDC पर POR की तैयारी, कांग्रेस जांच दल को रोकने पर तूलिका कर्मा ने सुनाई खरी-खरी

NMDC Landslide Dantewada: बैलाडीला लैंडस्लाइड मामले में वन विभाग अब NMDC के खिलाफ वन अपराध प्रकरण दर्ज करने की तैयारी में है। वहीं आज जांच करने पहुंची कांग्रेस को रोक दिया गया।
NMDC Landslide Dantewada news,
कांग्रेस जांच दल को रोकने पर तूलिका कर्मा ने सुनाई खरी-खरी(सोर्स- नवभारत लाइव)
Published on: 
Updated on: 

HIGHLIGHTS

  • लैंडस्लाइड में हजारों पेड़-पौधों और वन्यजीवों के मलबे में दबने की आशंका।

  • कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव के हस्तक्षेप के बाद घटनास्थल पहुंच सकेगी कांग्रेस की जांच समिति।

  • बैलाडीला लैंडस्लाइड मामले की जांच के लिए कांग्रेस ने बनाई है जांच कमेटी।

  • वन विभाग अब NMDC के खिलाफ वन अपराध प्रकरण (POR) दर्ज करने की तैयारी में।

NMDC Mining Waste Landslide Update: दंतेवाड़ा जिले के किरंदुल स्थित बैलाडीला की पहाड़ियों में NMDC के डिपॉजिट-14 क्षेत्र में हुए भीषण लैंडस्लाइड का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। पहाड़ से खिसके खनन अपशिष्ट के मलबे ने जंगल के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया है। हजारों पेड़-पौधों के दबने और कई वन्यजीवों के प्रभावित होने की आशंका के बीच वन विभाग अब NMDC के खिलाफ वन अपराध प्रकरण (POR) दर्ज करने की तैयारी में है। वहीं, घटना की जांच करने पहुंची कांग्रेस की टीम को घटनास्थल तक जाने से रोके जाने के बाद विवाद खड़ा हो गया।

कलेक्टर के हस्तक्षेप के बाद कांग्रेस को मिली अनुमति

हालांकि दंतेवाड़ा कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव के हस्तक्षेप के बाद जांच दल को घटनास्थल पर जाने की अनुमति मिल गई है। 18 नवंबर की रात हुई इस घटना के बाद से ही वन क्षेत्र को हुए नुकसान की गंभीरता को लेकर सवाल उठ रहे हैं। पहाड़ी से खिसका मलबा करीब 2 से 3 किलोमीटर तक एक प्राकृतिक जलधारा के रास्ते नीचे पहुंचा। इसकी चपेट में जंगल, पेड़-पौधे और लोहागांव-किरंदुल को जोड़ने वाला संपर्क मार्ग भी प्रभावित हुआ है।

NMDC Landslide Dantewada news,
दुर्ग में टला बड़ा हादसा! शिवा इंफ्रारेड फैक्ट्री में भड़की आग, दमकल की टीम ने पाया काबू

हजारों पेड़-पौधे और वन्यजीवों पर संकट

लैंडस्लाइड के बाद सबसे ज्यादा चिंता जंगल और वन्यजीवों को हुए नुकसान को लेकर है। वन क्षेत्र में बड़ी संख्या में पेड़ों के मलबे में दबने और नष्ट होने की आशंका जताई जा रही है। आम और बीजा जैसी प्रजातियों के पेड़ों सहित हजारों छोटे पौधों और प्राकृतिक वनस्पतियों को नुकसान पहुंचने की बात सामने आ रही है।

Dantewada NMDC Plant news,
कांग्रेस जांच दल को रोकने पर तूलिका कर्मा ने सुनाई खरी-खरी(सोर्स- नवभारत लाइव)

वन्यजीवों को लेकर भी चिंता बढ़ी है। इस इलाके में पैंगोलिन सहित कई वन्यजीवों का प्राकृतिक रहवास है। पर्यावरण संरक्षण से जुड़े लोगों ने आशंका जताई है कि मलबे के नीचे जमीन पर रहने वाले जीव-जंतु और कई वन्यजीव दबे हो सकते हैं। हालांकि वन्यजीवों की मौत का वास्तविक आंकड़ा अभी सामने नहीं आया है।

NMDC Landslide Dantewada news,
कोहरे की चादर में छिपा टाटामारी, सूरज की पहली किरण के साथ पहाड़ियों में दिख रहा जन्नत जैसा नजारा

वन विभाग की कार्रवाई, NMDC के खिलाफ POR की तैयारी

वन विभाग अब इस मामले में NMDC के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी कर रहा है। विभागीय जांच में मलबे के फैलाव और रिजर्व फॉरेस्ट तक उसके पहुंचने की स्थिति को गंभीरता से लिया जा रहा है। वन क्षेत्र को हुए नुकसान का वास्तविक आकलन अभी बाकी है।

प्रभावित पहाड़ी क्षेत्र में जमीन अस्थिर होने और मलबा खिसकने का खतरा बने रहने के कारण वन विभाग की टीम विस्तृत सर्वे नहीं कर पा रही है। सुरक्षित स्थिति बनने के बाद पेड़ों की गिनती, वनस्पतियों को हुए नुकसान और वन्यजीवों के प्रभावित होने का आकलन किया जाएगा। इसके बाद वन अपराध प्रकरण दर्ज करने की कार्रवाई आगे बढ़ेगी।

कांग्रेस जांच दल को रोका, तूलिका कर्मा अधिकारियों पर बरसीं

इधर, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज द्वारा गठित सात सदस्यीय जांच समिति भी किरंदुल पहुंच गई है। समिति का नेतृत्व विधायक लखेश्वर बघेल कर रहे हैं। इसमें विधायक विक्रम मंडावी, देवती कर्मा, रेखचंद जैन, शकील रिजवी, लालू राठौर और अवधेश गौतम सदस्य हैं।

कांग्रेस का जांच दल प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण कर जंगल, पेड़-पौधों और वन्यजीवों को हुए नुकसान की वास्तविक स्थिति जानना चाहता था, लेकिन शुरुआत में NMDC के अधिकारियों ने उन्हें घटनास्थल पर जाने से रोक दिया। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य तूलिका कर्मा अधिकारियों पर जमकर बरसीं। उन्होंने जांच दल को घटनास्थल पर जाने से रोकने पर कड़ी नाराजगी जताई और प्रबंधन के रवैये पर सवाल उठाए।

मामले की जानकारी मिलने के बाद दंतेवाड़ा कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने हस्तक्षेप किया। उनके हस्तक्षेप के बाद कांग्रेस जांच दल को घटनास्थल पर जाने की अनुमति मिल गई। अनुमति मिलने के बाद समिति प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण कर भूस्खलन से हुए नुकसान की वास्तविक स्थिति का जायजा ले सकेगी।

कांग्रेस जांच समिति इस पूरे मामले में NMDC प्रबंधन की जवाबदेही तय करने की मांग कर रही है। समिति स्थानीय ग्रामीणों से चर्चा करने के साथ ही खनन अपशिष्ट के प्रबंधन, सुरक्षा इंतजामों और पर्यावरणीय नुकसान की पड़ताल कर अपनी रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस कमेटी को सौंपेगी।

NMDC ने प्राकृतिक घटना बताया, IIT के विशेषज्ञ करेंगे जांच

दूसरी ओर NMDC प्रबंधन ने इस घटना को प्राकृतिक कारणों से जुड़ा बताया है। कंपनी का कहना है कि खिसका हुआ मलबा वर्तमान खनन गतिविधियों से संबंधित नहीं है। प्रबंधन ने घटनास्थल का भू-तकनीकी परीक्षण कराने के लिए IIT रुड़की और IIT मुंबई के विशेषज्ञों को बुलाया है। विशेषज्ञ स्थानीय प्रशासन के समन्वय से घटना के कारणों की जांच करेंगे।

कंपनी की ओर से मलबा हटाने और प्रभावित सड़क को बहाल करने के लिए मशीनें भी लगाई गई हैं। NMDC का कहना है कि डंप क्षेत्र में पहले से वैज्ञानिक तरीके से स्थिरीकरण के उपाय किए गए थे। अब विशेषज्ञों की जांच से भूस्खलन के वास्तविक कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

अब जांच में खुलेंगे कई राज

बैलाडीला की पहाड़ियों में हुआ यह हादसा अब सिर्फ भूस्खलन तक सीमित नहीं रह गया है। एक तरफ वन विभाग वन संपदा को हुए नुकसान के आधार पर कानूनी कार्रवाई की तैयारी में है, दूसरी तरफ कांग्रेस ने NMDC प्रबंधन की भूमिका पर सवाल उठाते हुए जांच शुरू कर दी है। वहीं कंपनी ने तकनीकी जांच के जरिए घटना का कारण पता लगाने की बात कही है।

अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर दशकों से जमा खनन अपशिष्ट का इतना बड़ा हिस्सा कैसे खिसक गया? जंगल और वन्यजीवों को कितना नुकसान हुआ और इस घटना के लिए जिम्मेदारी किसकी तय होगी? इन सवालों के जवाब वन विभाग की जांच, कांग्रेस की रिपोर्ट और IIT विशेषज्ञों की रिपोर्ट के बाद ही सामने आ सकेंगे।