छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट का बड़ा फैसला, व्याख्याता को नियुक्ति तिथि से पूरा वेतन देने का आदेश

Chhattisgarh Teacher Salary Deduction : छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया के बीच लागू की गई परिवीक्षा अवधि की वेतन कटौती व्यवस्था को लेकर महत्वपूर्ण फैसला सुनाया है।
Bilaspur Highcourt
छत्तीसगढ़ शिक्षक भर्तीसोर्स- सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

HIGHLIGHTS

  • शिक्षक की वेतन कटौती पर हाई कोर्ट का अहम फैसला।

  • 2019 में जारी हुआ था भर्ती का विज्ञापन।

  • 70,80,90 प्रतिशत वेतन व्यवस्था पर कोर्ट की टिप्पणी।

  • व्याख्याता विनोद कुमार वर्मा को बड़ी राहत।

  • नियुक्ति तिथि से पूरा वेतन और परिणामी लाभ देने का आदेश।

Chhattisgarh Bilaspur Teacher Salary Deduction : छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया के बीच लागू की गई परिवीक्षा अवधि की वेतन कटौती व्यवस्था को लेकर महत्वपूर्ण फैसला सुनाया है। कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि भर्ती का विज्ञापन जारी होने के बाद लागू किए गए नए वेतन संबंधी नियमों को पहले से चल रही भर्ती प्रक्रिया पर पिछली तारीख से लागू नहीं किया जा सकता।

इसी आधार पर हाई कोर्ट ने जीवविज्ञान के व्याख्याता विनोद कुमार वर्मा को नियुक्ति की तारीख से नियमित वेतनमान के अनुसार पूरा मूल वेतन और उससे जुड़े सभी परिणामी लाभ देने का आदेश दिया है।

इस मामले की सुनवाई जस्टिस बीडी गुरु की एकल पीठ में हुई। याचिकाकर्ता विनोद कुमार वर्मा ने शासन की ओर से परिवीक्षा अवधि में कम वेतन दिए जाने के फैसले को चुनौती दी थी।

2019 में जारी हुआ था भर्ती का विज्ञापन

याचिकाकर्ता की नियुक्ति 22 फरवरी 2021 को जीवविज्ञान विषय के व्याख्याता (टी संवर्ग) के पद पर हुई थी। उन्हें शासकीय हाईस्कूल तिलौली, विकासखंड भरतपुर, जिला मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में पदस्थ किया गया था। इस भर्ती के लिए शासन ने 30 सितंबर 2019 को विज्ञापन जारी किया था।

इस बीच राज्य शासन ने 28 जुलाई 2020 को एक परिपत्र जारी कर परिवीक्षा अवधि के दौरान पहले वर्ष 70 प्रतिशत, दूसरे वर्ष 80 प्रतिशत और तीसरे वर्ष 90 प्रतिशत वेतन देने की व्यवस्था लागू की थी।

Bilaspur Highcourt
कवर्धा में कंटेनर के गुप्त चेंबर से 407 किलो गांजा बरामद, ओडिशा से यूपी जा रहे दो तस्कर गिरफ्तार

याचिकाकर्ता ने दी यह दलील

याचिकाकर्ता की ओर से अधिवक्ता शोभित कोष्ठा ने कोर्ट में तर्क दिया कि भर्ती का विज्ञापन 30 सितंबर 2019 को जारी हो चुका था, जबकि वेतन कटौती से संबंधित परिपत्र जुलाई 2020 में आया। ऐसे में बाद में लागू की गई व्यवस्था को पहले से शुरू हो चुकी भर्ती प्रक्रिया पर लागू करना उचित नहीं है।

याचिकाकर्ता ने नियुक्ति तिथि से नियमित वेतनमान के अनुसार पूरा मूल वेतन, बकाया राशि और अन्य परिणामी लाभ देने की मांग की। वहीं राज्य शासन की ओर से पैनल लॉयर सौमित्र केशरवानी ने याचिका का विरोध करते हुए शासन का पक्ष रखा।

पुराने फैसले का दिया हवाला

सुनवाई के दौरान हाई कोर्ट ने अमृत लाल साहू एवं अन्य बनाम छत्तीसगढ़ शासन मामले में दिए गए पूर्व फैसले का हवाला दिया। कोर्ट ने भर्ती विज्ञापन जारी होने के बाद लागू किए गए नए वेतन नियमों को पिछली तारीख से प्रभावी मानकर पुरानी भर्ती प्रक्रिया पर लागू करने के सिद्धांत को स्वीकार नहीं किया।

कोर्ट ने इसी आधार पर विनोद कुमार वर्मा को 28 जुलाई 2020 के परिपत्र के तहत लागू कम वेतन व्यवस्था से राहत दी। आदेश में उन्हें नियुक्ति की तारीख से नियमित वेतनमान के अनुसार पूरा मूल वेतन और उससे जुड़े सभी परिणामी लाभ प्रदान करने को कहा गया है।

Bilaspur Highcourt
बीजापुर में माओवादियों के दो डम्प का भंडाफोड़, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, हथियार और विस्फोटक जब्त