जनजातीय गौरव दिवस पर बिरसा मुंडा को नमन।
महापौर और कलेक्टर ने दी श्रद्धांजलि।
PM मोदी का वर्चुअल संबोधन सुना।
नक्सलवाद से आदिवासी समाज को सबसे ज्यादा नुकसान।
जल-जंगल-जमीन और आदिवासी अस्मिता को किया याद।
Chhattisgarh Bilaspur Birsa Munda Jayanti : जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर रविवार को जिला कार्यालय के मंथन सभाकक्ष में बिरसा मुंडा की जयंती मनाई गई। इस दौरान महापौर पूजा विधानी, कलेक्टर संजय अग्रवाल समेत जनप्रतिनिधियों और आदिवासी समाज के लोगों ने धरती आबा के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संबोधन भी सुना गया।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में बिरसा मुंडा के संघर्ष और बलिदान को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन साहस, स्वाभिमान और अन्याय के खिलाफ लड़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस अब पूरे देश का राष्ट्रीय उत्सव बन चुका है। बिरसा मुंडा ने आदिवासी समाज के अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए अंग्रेजी शासन के खिलाफ संघर्ष किया था।
प्रधानमंत्री ने कहा कि नक्सलवाद का सबसे ज्यादा नुकसान आदिवासी समाज को उठाना पड़ा है। नक्सलवाद से मुक्ति मिलने पर जनजातीय क्षेत्रों में विकास की नई संभावनाएं खुलेंगी। उन्होंने पीएम जनमन और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।
पीएम मोदी ने आदिवासी समाज के उद्यमियों से संवाद कर उनकी सफलता की कहानियां भी सुनीं। कार्यक्रम में भगवान बिरसा मुंडा के उलगुलान आंदोलन, जल-जंगल-जमीन की रक्षा और आदिवासी अस्मिता के लिए उनके योगदान को याद किया गया। इस मौके पर नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास संजय चंदेल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।