HIGHLIGHTS
वकील के खाते से 98 हजार रुपये की साइबर ठगी।
मोबाइल करीब आधे घंटे तक रहा हैंग।
PhonePe के जरिए खाते से हुआ 98 हजार का ट्रांजेक्शन।
वकील ने बैंक से संपर्क कर खाता और एटीएम कार्ड कराया ब्लॉक।
पुलिस ने रकम ट्रांसफर होने वाले खाते की जांच शुरू की।
Bilaspur Cyber Fraud : मोबाइल फोन का अचानक हैंग होना एक हाईकोर्ट के वकील को महंगा पड़ गया। करीब आधे घंटे तक मोबाइल की स्क्रीन और बटन काम नहीं करते रहे। जब फोन दोबारा सामान्य हुआ तो बैंक खाते से 98 हजार रुपए निकलने का मैसेज मिला।
वकील ने न तो कोई ऑनलाइन भुगतान किया था और न ही किसी ट्रांजेक्शन की अनुमति दी थी। घटना के बाद उन्होंने बैंक और साइबर पुलिस से शिकायत की। फिलहाल चकरभाठा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामला चकरभाठा थाना क्षेत्र के ग्राम बिटकुली का है। यहां रहने वाले सुरेश कुमार कौशिक बिलासपुर हाईकोर्ट में वकालत करते हैं। हाईकोर्ट परिसर स्थित भारतीय स्टेट बैंक में उनका खाता है, जो मोबाइल नंबर से लिंक है।
पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, 2 नवंबर की शाम करीब 5 बजे अचानक उनका मोबाइल फोन हैंग हो गया। मोबाइल की स्क्रीन ने काम करना बंद कर दिया। काफी कोशिश के बावजूद फोन का कोई भी बटन काम नहीं कर रहा था। करीब आधे घंटे बाद मोबाइल सामान्य स्थिति में आया। इसके बाद उन्होंने फोन चेक किया तो बैंक ट्रांजेक्शन का मैसेज देखकर उनके होश उड़ गए।
मैसेज और बैंकिंग डिटेल चेक करने पर पता चला कि शाम 5:02 बजे उनके PhonePe अकाउंट के जरिए 98 हजार रुपए का ऑनलाइन ट्रांजेक्शन हुआ है। वकील का कहना है कि उन्होंने न तो किसी को पैसे भेजे और न ही इस भुगतान को मंजूरी दी थी। ऐसे में मोबाइल हैंग होने और खाते से रकम निकलने की घटना को लेकर उन्होंने साइबर ठगी की आशंका जताई है।
खाते से रकम निकलने की जानकारी मिलते ही सुरेश कुमार कौशिक ने एसबीआई कस्टमर केयर से संपर्क किया। उन्होंने सुरक्षा के लिहाज से बैंक खाते और एटीएम कार्ड को अस्थायी रूप से ब्लॉक करा दिया। इसके बाद उसी दिन बिलासपुर साइबर थाने में ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई। बाद में चकरभाठा थाने में लिखित आवेदन देकर रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। अब जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि मोबाइल हैंग होने के दौरान आखिर किस तरह खाते से ऑनलाइन ट्रांजेक्शन हुआ और 98 हजार रुपए किस खाते में ट्रांसफर किए गए।