स्वच्छ सर्वेक्षण में छत्तीसगढ़ की चमक, बिल्हा देश में नंबर-1, रायपुर-बिलासपुर भी सम्मानित

Cleanliness Awards 2026 : छत्तीसगढ़ ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में प्रदेश के तीन नगरीय निकायों को राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।
Cleanliness Awards 2026
छत्तीसगढ़ स्वच्छ सर्वेक्षणसोर्स - नवभारत लाइव
Published on: 
Updated on: 

HIGHLIGHTS

  • तीन नगरीय निकायों को राष्ट्रीय पुरस्कार से किया सम्मानित।

  • बिल्हा ने देशभर में पहला स्थान हासिल किया।

  • स्वच्छ रिवर फ्रंट टाउन श्रेणी में बिलासपुर को मिला दूसरा स्थान।

  • रायपुर नगर निगम को स्वच्छता में मिला प्रथम पुरस्कार।

  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने पुरस्कार प्रदान किए।

Chhattisgarh Swachh Survekshan : स्वच्छता और बेहतर नगरीय प्रबंधन के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय की ओर से आयोजित स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में प्रदेश के तीन नगरीय निकायों को राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।

इनमें बिलासपुर जिले की नगर पंचायत बिल्हा ने 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देशभर में पहला स्थान हासिल किया है। वहीं, बिलासपुर को स्वच्छ रिवर फ्रंट टाउन श्रेणी में राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान मिला है। रायपुर नगर निगम को स्वच्छता के क्षेत्र में राज्य में प्रथम पुरस्कार से नवाजा गया है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने प्रदान किए राष्ट्रीय पुरस्कार

नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के पुरस्कार वितरण समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के हाथों छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव, विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा और संबंधित नगरीय निकायों के महापौरों एवं आयुक्तों ने पुरस्कार ग्रहण किए। समारोह में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर और केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों और स्वच्छता कर्मियों को दी बधाई

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि पर प्रदेशवासियों, नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और स्वच्छता कर्मियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण में मिला राष्ट्रीय सम्मान शहरों की बदलती तस्वीर और स्वच्छता के प्रति प्रदेशवासियों की सामूहिक प्रतिबद्धता का प्रमाण है।

Cleanliness Awards 2026
धान खरीदी में सिर्फ तीन दिन बाकी, नरदहा समेत कई उपार्जन केंद्रों में लटके ताले

मुख्यमंत्री ने बिल्हा का देश में पहला स्थान, बिलासपुर का स्वच्छ नदी तटवर्ती श्रेणी में दूसरा स्थान और रायपुर का राज्य में अग्रणी प्रदर्शन पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात बताया। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल स्वच्छता रैंकिंग में आगे बढ़ना नहीं, बल्कि ऐसी स्थायी व्यवस्था विकसित करना है, जिसमें स्वच्छता हर नागरिक की आदत और हर शहर की पहचान बने।

सामूहिक प्रयासों का परिणाम है सम्मान

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ के तीन नगरीय निकायों को सम्मानित किया जाना प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह सम्मान नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, स्वच्छता कर्मियों और नागरिकों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।

Cleanliness Awards 2026
रायपुर में दीपावली पर शराब की जमकर बिक्री, पांच दिनों में सरकारी खजाने में पहुंचे 54.61 करोड़

समारोह में ये जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

पुरस्कार वितरण समारोह में रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे, बिलासपुर नगर निगम की महापौर पूजा विधानी और नगर पंचायत बिल्हा की अध्यक्ष वंदना जेंड्रे उपस्थित रहीं। इनके अलावा राज्य शहरी विकास अभिकरण के मिशन डायरेक्टर एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुमीत अग्रवाल, रायपुर नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, बिलासपुर नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे सहित अन्य अधिकारी भी समारोह में शामिल हुए।