

रायपुर से महाराष्ट्र जा रहा था ट्रक।
बाल-बाल बचे राहगीर, घंटों प्रभावित रहा यातायात।
डिवाइडर से टकराकर हुआ हादसे का शिकार।
दुर्ग-भिलाई के व्यस्त सुपेला फ्लाईओवर टला हादसा।
Bhilai Supela Flyover Road Accident: दुर्ग-भिलाई के व्यस्त सुपेला फ्लाईओवर पर एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। लोहे के तारों से लदा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे की वजह चालक को नींद की झपकी आना बताया जा रहा है। ट्रक के पलटते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि हादसे के दौरान आसपास कोई अन्य वाहन या राहगीर इसकी चपेट में नहीं आया।
जानकारी के मुताबिक, ट्रक रायपुर से लोहे के तारों का माल लेकर महाराष्ट्र की ओर जा रहा था। इसी दौरान सुपेला फ्लाईओवर पर चालक को झपकी आ गई। इससे ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराया और सड़क पर पलट गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक का टायर भी फट गया।
फ्लाईओवर पर ट्रक पलटने से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई। सड़क पर ट्रक और उसमें लदे माल के कारण वाहनों की आवाजाही बाधित हुई और दोनों तरफ जाम की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को व्यवस्थित करने में जुट गई।
ट्रक चालक प्रकाश सिंह रावत के मुताबिक, वाहन चलाते समय उसे झपकी आ गई थी। इसी दौरान ट्रक पर से उसका नियंत्रण हट गया और वाहन डिवाइडर से टकराकर पलट गया।
व्यस्त फ्लाईओवर पर हुए इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि, जिस समय ट्रक पलटा, उस दौरान आसपास दूसरे वाहन मौजूद होते तो हादसा बेहद गंभीर हो सकता था। फिलहाल इस घटना ने एक बार फिर हाईवे पर लंबी दूरी तक वाहन चलाने वाले चालकों की थकान और नींद से जुड़े खतरे को उजागर कर दिया है।