

बस्तर कलेक्टर से परिजनों की गुहार।
मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत गया था दशरू।
कालीघाट मंदिर से गायब होने के बाद पुलिस में दर्ज कराई शिकायत।
Jagdalpur Dashru Maria Tribal Man Missing: देवी-देवताओं के दर्शन की आस लेकर मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत कोलकाता गया बस्तर का 75 वर्षीय माड़िया आदिवासी दशरू लापता हो गया। 8 अक्टूबर को शाम 5 बजे कोलकाता के कालीघाट मंदिर के अंदर से लापता हुए दशरू का अब तक कोई सुराग नहीं मिलने से परिजन परेशान हैं। परिवार ने अब बस्तर कलेक्टर से गुहार लगाकर दशरू की तलाश में मदद करने की मांग की है।
परिजनों की ओर से कलेक्टर, जिला बस्तर के नाम सौंपे गए आवेदन के मुताबिक, दशरू पिता मांगतू ग्राम बुरगुम पटेलपारा, तहसील बास्तानार, जिला बस्तर का निवासी है। वह मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत कोलकाता गया था। 8 अक्टूबर को शाम करीब 5 बजे कालीघाट मंदिर के अंदर से वह अचानक लापता हो गया। काफी तलाश करने के बाद भी जब उसका पता नहीं चला, तो परिजनों ने कालीघाट पुलिस स्टेशन और रेलवे पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
आवेदन में बताया गया है कि दशरू की गुमशुदगी के बाद परिवार के लोग लगातार उसकी तलाश कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई जानकारी नहीं मिली है। परिजनों ने कलेक्टर से दशरू का पता लगाने में सहयोग करने की अपील की है। बुजुर्ग के लापता होने से परिवार की चिंता बढ़ गई है और उन्हें उसकी सुरक्षित वापसी का इंतजार है।
मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत बुजुर्ग और ग्रामीण श्रद्धालु धार्मिक स्थलों की यात्रा पर जाते हैं। ऐसे में यात्रा के दौरान 75 वर्षीय यात्री का लापता हो जाना उसकी सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े करता है। हालांकि, उपलब्ध आवेदन में किसी कर्मचारी की लापरवाही की पुष्टि नहीं की गई है। परिजनों की मांग है कि दशरू को जल्द खोजने के लिए प्रशासन आवश्यक कदम उठाए।