जगदलपुर में एकतरफा प्रेम में पिता की हत्या, परिवार के 3 सदस्य जेल में, भीड़ ने फूंकी कार

Chhattisgarh Crime News : पनारापारा हत्याकांड में मां, दादा और दादी गिरफ्तार, वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद, गुस्साई भीड़ ने आरोपी पक्ष की कार फूंकी, पथराव के बाद इलाके में तनाव।
CG Crime
छत्तीसगढ़ जगदलपुर क्राइमसोर्स- नवभारत लाइव
Published on: 
Updated on: 

HIGHLIGHTS

  • एकतरफा प्रेम के विवाद में पिता की हत्या।

  • चाकू से हमला कर मन्नू कश्यप को उतारा मौत के घाट।

  • आरोपी की मां, दादा और दादी गिरफ्तार।

  • दो नाबालिग बालक निरुद्ध, चाकू बरामद।

  • आक्रोशित भीड़ ने घर में तोड़फोड़ कर जलाई कार।

Chhattisgarh Jagdalpur Crime : शहर के पनारापारा में एकतरफा प्रेम और पुरानी रंजिश से जुड़ा विवाद ऐसा खूनी मोड़ ले लिया। जिसकी किसी ने कल्पना नहीं की थी। बेटी से एकतरफा प्रेम के विवाद में 45 वर्षीय मन्नू कश्यप की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई।

इस सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस ने अब बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी पक्ष के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इनमें मां सरिता बघेल, दादा झितरू बघेल और दादी शोभा बघेल शामिल हैं। वहीं घटना में शामिल दो नाबालिग बालकों को भी हिरासत में लिया है।

घटना 21 नवंबर की रात करीब 8:30 बजे की है। पनारापारा में रहने वाले दो परिवारों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि विवाद की एक वजह मृतक की बेटी के प्रति एक नाबालिग का एकतरफा प्रेम भी था।

इसी बात को लेकर दोनों परिवारों के बीच पहले भी तनाव की स्थिति बनी थी। शनिवार रात एक बार फिर विवाद भड़क उठा। देखते ही देखते कहासुनी हिंसक हो गई और एक नाबालिग ने मन्नू कश्यप पर धारदार हथियार से कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल मन्नू को अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।

मां, दादा-दादी भी कार्रवाई के दायरे में

हत्या की वारदात के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज की। पुलिस के मुताबिक, घटना के समय नाबालिग के परिवार के सदस्य भी मौके पर मौजूद थे। उनकी भूमिका की जांच के बाद सरिता बघेल 40 वर्ष, झितरू बघेल 75 वर्ष और शोभा बघेल 65 वर्ष को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया है। तीनों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है, जबकि दोनों नाबालिगों को निरुद्ध कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

CG Crime
CGPSC 2021 की होनहार आंचला गिरी निकली रिश्वतखोर अफसर, सरकार ने की कार्रवाई, जानिए पूरा प्रोफाइल

हत्या के बाद सड़क पर उतरा आक्रोश

हत्या की खबर फैलते ही पनारापारा में लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित भीड़ ने आरोपी पक्ष के घर का घेराव किया। इस दौरान पथराव और तोड़फोड़ की स्थिति बनी। गुस्साए लोगों ने आरोपी पक्ष की कार को भी आग के हवाले कर दिया। अचानक बिगड़े हालात के बाद पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ा। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में अतिरिक्त बल तैनात किया गया।

तनाव के बीच पुलिस की निगरानी

घटना के बाद से इलाके में तनाव बना हुआ है। किसी तरह की दूसरी अप्रिय स्थिति निर्मित न हो, इसके लिए पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर रख रही है। हत्या के पीछे एकतरफा प्रेम, पुरानी रंजिश और दोनों परिवारों के बीच विवाद की वास्तविक भूमिका को लेकर जांच जारी है।

CG Crime
छत्तीसगढ़ में 12वीं बोर्ड और JEE Main की तारीखों में टकराव, छात्रों की बढ़ी मुश्किलें