

NMDC की L-1 और L-2 भर्ती परीक्षा की तारीख घोषित करने की मांग।
दूसरे दिन भी अनिश्चितकालीन धरना जारी, किरंदुल-बचेली में भारी पुलिस बल तैनात।
कड़ाके की ठंड के बावजूद युवा रातभर धरना स्थल पर डटे रहे, आज पहुंचेंगे विधायक विक्रम मंडावी।
दंतेवाड़ा, बीजापुर और सुकमा जिले के सैकड़ों बेरोजगार कर रहे आंदोलन।
Chhattisgarh NMDC Bailadila Youth Strike: बैलाडीला की खदानों से निकलने वाला लौह अयस्क देश के उद्योगों को रफ्तार दे रहा है, लेकिन इसी क्षेत्र में रोजगार की उम्मीद लगाए बैठे स्थानीय युवाओं का इंतजार अब आक्रोश में बदलता दिखाई दे रहा है। NMDC की L-1 और L-2 भर्ती प्रक्रिया तथा परीक्षा की तारीख घोषित करने की मांग को लेकर दंतेवाड़ा, बीजापुर और सुकमा जिले के सैकड़ों बेरोजगार युवाओं ने 28 नवंबर से अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू कर दिया है। आंदोलन रविवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। कड़ाके की ठंड के बावजूद युवा रातभर धरना स्थल पर डटे रहे।
करीब 400 से 500 युवाओं के किरंदुल पहुंचने के बाद आंदोलन ने जोर पकड़ लिया। प्रदर्शनकारी NMDC के पुराने चेकपोस्ट तक जाने और वहां धरना देने की मांग कर रहे थे। इसी दौरान चेकपोस्ट पर उन्हें रोकने को लेकर युवाओं और NMDC अधिकारियों तथा प्रशासनिक अमले के बीच तीखी बहस हुई। काफी देर तक दोनों पक्षों के बीच गहमागहमी और तनातनी बनी रही। युवाओं का कहना था कि उन्हें अपनी मांग रखने और शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने से रोका जा रहा है। वहीं, अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था और चेकपोस्ट की नई स्थिति का हवाला देते हुए उन्हें आगे जाने की अनुमति नहीं दी।
इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच भी धक्का-मुक्की जैसी स्थिति बनने की खबर है। हालात को संभालने के लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। बाद में समझाइश के बाद युवाओं ने पूरे चौक को घेरने के बजाय एक हिस्से में तंबू लगाकर धरना शुरू किया। इसके बाद से युवा वहीं डटे हुए हैं और भर्ती परीक्षा की तारीख घोषित होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कह रहे हैं।
प्रदर्शन को देखते हुए किरंदुल और बचेली दोनों परियोजनाओं में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। परियोजना की ओर जाने वाले रास्तों पर तीन से चार स्तर की बैरिकेडिंग की गई है। कई गेट बंद किए गए हैं और बड़ी संख्या में पुलिस जवान तैनात हैं। पूरे घटनाक्रम पर CCTV कैमरों से नजर रखी जा रही है। आंदोलन के पहले दिन चेकपोस्ट के पास स्थित एक स्कूल में भी छुट्टी घोषित किए जाने की खबर है।
आंदोलन के बीच NMDC प्रबंधन ने परियोजना का कामकाज प्रभावित न होने देने के लिए एहतियाती इंतजाम किए हैं। परियोजना परिसर में राशन सामग्री के साथ पेट्रोल और डीजल का स्टॉक रखे जाने की जानकारी सामने आई है। कर्मचारियों के लिए परिसर के भीतर भोजन और ठहरने की व्यवस्था किए जाने की बात भी उनके परिजनों के हवाले से सामने आई है। हालांकि, कर्मचारियों को परिसर में ही रखने की तैयारी को लेकर प्रबंधन की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। फिलहाल युवाओं के आंदोलन के बावजूद उत्पादन और परिवहन व्यवस्था जारी रहने की जानकारी है।
आंदोलन को अब राजनीतिक समर्थन भी मिलने लगा है। बीजापुर विधायक विक्रम मंडावी ने युवाओं की मांगों का समर्थन किया है और आज आंदोलन स्थल पहुंचकर प्रदर्शनकारियों से मुलाकात करने की बात कही है। उनके पहुंचने से आंदोलन को राजनीतिक समर्थन मिलने के साथ ही NMDC प्रबंधन पर दबाव बढ़ने की संभावना है।
युवाओं का सवाल है कि भर्ती प्रक्रिया के लिए आवेदन लेने के बाद लंबे समय से परीक्षा की तारीख क्यों घोषित नहीं की जा रही है? बस्तर के स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर देने की बात वर्षों से कही जाती रही है, लेकिन जब भर्ती की बारी आती है तो उन्हें इंतजार क्यों करना पड़ता है? फिलहाल युवाओं ने साफ कर दिया है कि जब तक L-1 और L-2 भर्ती परीक्षा की तारीख को लेकर ठोस घोषणा नहीं होती, उनका अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा। अब निगाहें NMDC प्रबंधन के रुख और आंदोलन के बीच होने वाली अगली बातचीत पर टिकी हैं।